नई दिल्ली, 08 जून (हि.स.)। भारतीय रेल ने दक्षिण मध्य रेलवे के महबूबनगर-सिकंदराबाद-मेडचल रेलखंड पर रेल परिचालन को और अधिक सक्षम एवं आधुनिक बनाने के लिए महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी दी है। इसके तहत मौजूदा 1x25 केवी इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम को उन्नत कर आधुनिक 2x25 केवी सिस्टम में अपग्रेड किया जाएगा।
रेल मंत्रालय के अनुसार, लगभग 141 रूट किलोमीटर लंबे इस रेलखंड पर यह कार्य 285.01 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। यह परियोजना देश के व्यस्त रेल गलियारों की क्षमता बढ़ाने के लिए भारतीय रेलवे द्वारा किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है।
नई 2x25 केवी सिस्टम लागू होने से ट्रेनों के संचालन के लिए अधिक स्थिर और कुशल बिजली आपूर्ति उपलब्ध होगी, जिससे रेल सेवाएं अधिक सुचारु, सुरक्षित और भरोसेमंद बनेंगी। इससे ट्रेनों के परिचालन में सुधार के साथ-साथ ऊर्जा दक्षता भी बढ़ेगी।
महबूबनगर-सिकंदराबाद-मेडचल रेलखंड देश के महत्वपूर्ण हाई डेंसिटी नेटवर्क (एचडीएन) मार्गों में शामिल है। यह धर्मवरम-डोन-महबूबनगर-सिकंदराबाद-मेडचल-मुदखेड़-इंदौर-अजमेर रेल कॉरिडोर का हिस्सा है, जहां यात्री और मालगाड़ियों का भारी आवागमन होता है।
परियोजना पूरी होने के बाद इस मार्ग पर माल परिवहन और अधिक प्रभावी होगा, जिससे माल ढुलाई की गति और क्षमता दोनों में वृद्धि होगी। इसके साथ ही क्षेत्र में व्यापार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
भारतीय रेलवे ने कहा कि यह पहल आधुनिक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप रेल नेटवर्क विकसित करने की उसकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी तथा बेहतर बुनियादी ढांचे और परिचालन दक्षता के माध्यम से यात्रियों और उद्योग जगत दोनों को लाभ पहुंचाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार