बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष बने तमीम इकबाल, पारदर्शिता और सुधार का किया वादा

08 Jun 2026 00:18:53
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष बने तमीम इकबाल


ढाका, 07 जून (हि.स.)। बांग्लादेश क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को रविवार को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) का नया अध्यक्ष चुन लिया गया। निर्विरोध निर्वाचित हुए तमीम ने बोर्ड की कमान संभालते हुए पारदर्शिता बढ़ाने, खिलाड़ियों को सम्मान दिलाने और बांग्लादेश क्रिकेट की छवि को फिर से मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

36 वर्षीय तमीम अगले चार वर्षों तक बोर्ड का नेतृत्व करेंगे। चुनाव के बाद उन्होंने कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान से अधिक एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने क्रिकेट प्रशासन को लेकर कई मुद्दे उठाए थे और अब उन्हें खुद को साबित करने का अवसर मिला है।

ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में आयोजित चुनाव में 23 निदेशकों का चयन किया गया, जबकि सरकार द्वारा नामित दो प्रतिनिधियों के शामिल होने के बाद बोर्ड की कुल सदस्य संख्या 25 हो गई। इसके बाद नई परिषद ने सर्वसम्मति से तमीम को अध्यक्ष चुना।

तमीम ने अपने कार्यकाल की प्राथमिकताओं में आधुनिक हाई परफॉर्मेंस सेंटर (एचपीसी) की स्थापना को सबसे ऊपर बताया। उन्होंने कहा कि यह उनका सबसे बड़ा सपना है और इसके लिए सरकार का सहयोग भी आवश्यक होगा। प्रस्तावित केंद्र को ढाका के निकट पूर्वाचल क्षेत्र में विकसित करने की योजना है, जो मौजूदा प्रशिक्षण सुविधाओं की तुलना में कहीं अधिक उन्नत होगा।

नए अध्यक्ष ने बांग्लादेश क्रिकेट की हालिया चुनौतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों में खिलाड़ियों और अन्य हितधारकों को अपेक्षित सम्मान नहीं मिला, जिससे क्रिकेट की छवि प्रभावित हुई। तमीम ने जोर देकर कहा कि वर्तमान और पूर्व दोनों खिलाड़ियों के सम्मान और सहभागिता को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने बोर्ड के कामकाज में अधिक जवाबदेही और पारदर्शिता का भरोसा भी दिलाया। तमीम ने कहा कि उनका लक्ष्य ईमानदारी के साथ काम करना है और यदि कोई गलती होती है तो उसे जल्द से जल्द सुधारने की कोशिश की जाएगी।

बांग्लादेश के महानतम क्रिकेटरों में से एक तमीम इकबाल ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 391 मैच खेले और तीनों प्रारूपों में 15,000 से अधिक रन बनाए हैं। कप्तान के रूप में उन्होंने बांग्लादेश को 21 जीत दिलाईं, जिनमें 2022 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऐतिहासिक वनडे श्रृंखला जीत भी शामिल है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से 2025 की शुरुआत में संन्यास लेने के बाद भी तमीम घरेलू क्रिकेट खेलते रहे, लेकिन ढाका प्रीमियर लीग के एक मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ने के बाद उनके खेल करियर का अंत हो गया। अब वह प्रशासनिक भूमिका में बांग्लादेश क्रिकेट को नई दिशा देने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0