यूक्रेन के पूर्व मुख्य न्यायाधीश को भ्रष्टाचार मामले में पांच साल की सजा

08 Jun 2026 23:26:53

कीव, 08 जून (हि.स.)। भ्रष्टाचार के एक चर्चित मामले में यूक्रेन के पूर्व मुख्य न्यायाधीश वसेवोलोद क्नियाज़ेव को पांच वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई है। यह फैसला ऐसे समय आया है जब यूक्रेन युद्धकालीन परिस्थितियों के बीच भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने और प्रशासनिक पारदर्शिता को मजबूत करने की कोशिशों में जुटा है।

भ्रष्टाचार निरोधक अभियोजकों के अनुसार, क्नियाज़ेव पर वर्ष 2023 में एक न्यायिक फैसले के बदले भारी रिश्वत स्वीकार करने का आरोप था। मामले में हुए समझौते के तहत उन्होंने अन्य आरोपितों के खिलाफ जांच में सहयोग करने और गवाही देने पर सहमति जताई है।

समझौते की शर्तों के अनुसार उनकी कुछ संपत्तियां जब्त की जाएंगी। इसके अलावा उन्हें अपनी संपत्ति का एक हिस्सा देश की सैन्य जरूरतों के लिए भी देना होगा। अभियोजन पक्ष का कहना है कि यह मामला न्यायिक व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

यूरोपीय संस्थाओं के साथ सहयोग बढ़ाने और सुधारों को आगे बढ़ाने की दिशा में भी इस फैसले को अहम माना जा रहा है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0