कर्नाटक राज्यसभा चुनाव: चारों उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय, कांग्रेस को तीन-भाजपा को एक सीट

09 Jun 2026 17:58:53
RS file photo


बेंगलुरु, 09 जून (हि.स.)। कर्नाटक से राज्यसभा की चार रिक्त सीटों के लिए चुनाव मैदान में उतरे चारों प्रमुख उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय हो गया है। कांग्रेस के तीन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उम्मीदवार के नामांकन पत्र वैध पाए जाने के बाद अब चुनाव की आवश्यकता नहीं रह गई है। नाम वापसी की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद निर्वाचन आयोग की ओर से इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।

राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा और वरिष्ठ नेता मंसूर अली खान को उम्मीदवार बनाया है। वहीं भाजपा ने प्रोफेसर एम. नागराज को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। मंगलवार को निर्वाचन अधिकारी के.एम. विशालाक्षी ने सभी नामांकन पत्रों की जांच की, जिसमें चारों उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए।

इस बीच निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करने वाले भोजन्ना सोमन्ना को झटका लगा। निर्वाचन अधिकारी ने उनका नामांकन पत्र खारिज कर दिया। बताया गया कि नामांकन पत्र पर आवश्यक अनुमोदकों के हस्ताक्षर नहीं थे, जिसके कारण उनकी उम्मीदवारी नियमों के अनुरूप नहीं पाई गई और उसे अमान्य घोषित कर दिया गया।

कर्नाटक विधानसभा से राज्यसभा के चार सदस्यों के निर्वाचन के लिए कुल पांच नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें से निर्दलीय उम्मीदवार का नामांकन रद्द होने के बाद केवल चार उम्मीदवार ही मैदान में बचे हैं। चूंकि उपलब्ध चार सीटों के लिए चार ही उम्मीदवार शेष हैं, इसलिए मतदान की आवश्यकता समाप्त हो गई है और सभी उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित माना जा रहा है।

इस स्थिति में कांग्रेस को राज्यसभा की तीन सीटें और भाजपा को एक सीट मिलना तय हो गया है। विधानसभा में कांग्रेस के संख्याबल को देखते हुए यह परिणाम पहले से ही लगभग तय माना जा रहा था।

निर्वाचन प्रक्रिया के अनुसार 11 जून नाम वापस लेने की अंतिम तिथि है। यदि इस अवधि के दौरान कोई उम्मीदवार अपना नामांकन वापस नहीं लेता है, तो कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खरगे, पवन खेड़ा और मंसूर अली खान तथा भाजपा के प्रो. एम. नागराज के निर्विरोध निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Powered By Sangraha 9.0