एनएचएआई ने राष्ट्रीय राजमार्गों की देखरेख के लिए नई तकनीकी प्रणालियों को लागू करने की घोषणा की

09 Jun 2026 19:12:53
राष्ट्रीय राजमार्गों की देखरेख के लिए नई तकनीकी प्रणालियां


नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने मंगलवार को घोषणा की कि राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे की देखरेख को सुदृढ़ बनाने के लिए नई तकनीकी प्रणालियां लागू की जाएंगी। इसमें नालियों की सफाई, गड्ढों की मरम्मत और सड़क गलियारों की सफाई के लिए स्वचालित और आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया जाएगा।

एनएचएआई ने कहा कि इन उपायों से राजमार्गों की गुणवत्ता और स्थायित्व में सुधार होगा तथा उपयोगकर्ताओं को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा। आगामी मानसून को देखते हुए नालियों की सफाई के लिए उन्नत उपकरणों का उपयोग अनिवार्य किया गया है।साथ ही गड्ढों की मरम्मत के लिए स्वचालित मशीनें और सड़क गलियारों की सफाई के लिए आधुनिक रोड स्वीपिंग मशीनें तैनात की जाएंगी।

एनएचएआई ने ठेकेदारों और रियायतधारकों को निर्धारित रखरखाव कार्यक्रमों और निरीक्षण समयसारिणी का पालन करने का निर्देश दिया है। समयबद्ध तरीके से कमियों को दूर करने की निगरानी की जाएगी।

इन तकनीकी उपायों से गड्ढों की मरम्मत तेजी से होगी, सड़क की गुणवत्ता सुधरेगी और उपयोगकर्ताओं को असुविधा कम होगी। रोड स्वीपिंग मशीनें धूल और गाद हटाकर गलियारों को साफ रखेंगी, जिससे दृश्यता बढ़ेगी और सड़क सुरक्षा में सुधार होगा।

एनएचएआई ने कहा कि नई प्रणालियों के अपनाने से परिचालन दक्षता बढ़ेगी, निवारक रख-रखाव मजबूत होगा और राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं का अनुभव बेहतर बनेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0