भाजपा कार्यकर्ताओं में हनुमान जैसी शक्ति और समर्पण, विपक्ष के भ्रमजाल को जनता के बीच करें बेनकाब :  शाहनवाज हुसैन

09 Jun 2026 20:54:53
शाहनवाज हुसैन संग भाजपा कार्यकर्ता


-2027 की विजय का अभी से करें शंखनाद : शाहनवाज हुसैन-विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने में जुटें कार्यकर्ता : शाहनवाज हुसैन

प्रयागराज, 09 जून (हि.स)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन का मंगलवार को भाजपा यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल के नेतृत्व में भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सविता मिश्रा के नैनी स्थित आवास पर कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित, संगठन और जनसेवा के प्रति समर्पित है। भाजपा कार्यकर्ताओं में हनुमान जी जैसी अद्भुत शक्ति, निष्ठा और समर्पण है, जिसके बल पर पार्टी ने देश की राजनीति में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पूर्व देश निराशा, भ्रष्टाचार और नीतिगत अस्थिरता से जूझ रहा था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर मजबूती के साथ अपनी पहचान बना रहा है। गरीब कल्याण, किसान सम्मान, महिला सशक्तिकरण, बुनियादी ढांचे के विकास और डिजिटल क्रांति जैसे अनेक क्षेत्रों में केंद्र सरकार ने अभूतपूर्व कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है।

राष्ट्रीय प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हुए व्यापक बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश आज कानून व्यवस्था, निवेश, बुनियादी ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर अभी से बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल जनता के बीच भ्रम फैलाने और विकास की राजनीति को बाधित करने के लिए तरह-तरह के षड्यंत्र करेंगे, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं को तथ्य और उपलब्धियों के आधार पर जनता को जागरूक करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है, जो राष्ट्रहित को सर्वाेपरि मानकर कार्य करता है।

उन्होंने पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों में पार्टी की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि जीत से आत्मविश्वास बढ़ता है, लेकिन संगठन की मजबूती और जनसंपर्क को निरंतर बढ़ाना ही भाजपा की सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, संगठन और संवाद के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने का आह्वान किया।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि राष्ट्रीय प्रवक्ता ने लगभग एक घंटे तक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की तथा आगामी कार्यक्रमों एवं चुनावी तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने जिला उपाध्यक्ष के पति का कुशलक्षेम भी जाना, जो पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे हैं। तत्पश्चात वे मिर्जापुर के लिए रवाना हो गए।

इस अवसर पर जिला कार्यालय मंत्री आनंद तिवारी, मंडल अध्यक्ष हरिकृष्ण पांडेय, अभिषेक त्रिपाठी, सत्यम शुक्ला, उमा देवी, प्रमिला, नीतू, दिलीप केशरवानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Powered By Sangraha 9.0