सबसे लंबे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री को मिल रही विश्व नेताओं की बधाई

09 Jun 2026 20:08:53
PM Modi describes the glory of the motherland in a Sanskrit proverb


नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.)। भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नरेन्द्र मोदी को उनकी उपलब्धियों पर विश्व के नेताओं से बधाई और शुभकामना संदेश मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार विश्वभर के नेताओं ने प्रधानमंत्री के परिवर्तनकारी शासन, वैश्विक दक्षिण के लिए उनके प्रयासों और समावेशी एवं आर्थिक रूप से गतिशील भारत के उनके दृष्टिकोण की सराहना की है।

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायका ने 8 जून को प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में श्रीलंका सरकार और जनता की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए कहा, “यह उपलब्धि न केवल आपके कार्यकाल का प्रमाण है, बल्कि विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की जनता द्वारा आपके नेतृत्व पर बार-बार जताए गए विश्वास और भरोसे का भी प्रमाण है।” राष्ट्रपति ने भारत के उल्लेखनीय आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन पर भी प्रकाश डाला और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण ने श्रीलंका सहित भारत की सीमाओं से परे भी कई देशों को प्रेरित किया है।

पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने एक व्यक्तिगत वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी को ‘एक आदर्श नेतृत्व का उदाहरण’ बताया। उन्होंने यह भी कहा, “आज 2 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से निकालकर बेहतर जीवन की ओर ले जाना एक अद्भुत उपलब्धि है।” प्रधानमंत्री मारापे ने पापुआ न्यू गिनी की हार्दिक मित्रता और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की इच्छा व्यक्त की।

त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मामलों पर एक अग्रणी आवाज के रूप में उभरा है।” उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की साधारण पृष्ठभूमि से शुरुआत लेकर तीन कार्यकालों में 1.4 अरब लोगों के राष्ट्र का नेतृत्व करने तक की यात्रा पर प्रकाश डाला और विदेश नीति, आर्थिक विकास, अवसंरचना और सामाजिक-आर्थिक विकास में भारत की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को रेखांकित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Powered By Sangraha 9.0