अडाणी ग्रीन एनर्जी बनी 20 गीगावाट क्षमता हासिल करने वाली पहली भारतीय कंपनी

01 Jul 2026 14:36:53
एजीईएल के जारी लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स)। अडाणी समूह की अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) 20 गीगावाट (जीडब्ल्यू) ऑपरेशनल रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता पार करके भारत की पहली कंपनी बन गई है। कंपनी ने इस लक्ष्य को ज्यादातर नए प्रोजेक्ट्स (ग्रीनफील्ड डेवलपमेंट) के जरिए पूरा किया है। यह कंपनी सालाना 52 अरब यूनिट से अधिक स्वच्छ बिजली का उत्पादन करती है।

अडाणी समूह की कंपनी ने बुधवार को एक बयान में कहा कि यह उत्पादन भारत की कुल बिजली खपत का लगभग तीन फीसदी है। यह न्यूयॉर्क शहर की एक साल की बिजली जरूरत पूरी करने या मुंबई और नई दिल्ली की संयुक्त वार्षिक बिजली आवश्यकता के लगभग बराबर है। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में 5,051 मेगावाट नई क्षमता जोड़ी, जो चीन के बाहर किसी भी कंपनी द्वारा एक वर्ष में जोड़ी गई सबसे अधिक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता है।

इस उपलब्धि पर अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) के कार्यकारी निदेशक सागर अदाणी ने कहा कि 20 गीगावाट का आंकड़ा पार करना दिखाता है कि अनुशासित क्रियान्वयन एवं दीर्घकालिक दृष्टिकोण से क्या हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज एजीईएल अपने दक्ष दल और लंबे समय से जुड़े साझेदारों के साथ मिलकर मुंबई तथा नयी दिल्ली की संयुक्त वार्षिक बिजली आवश्यकता के बराबर नवीकरणीय बिजली उपलब्ध करा रही है।

एजीईएल की योजना वित्त वर्ष 2026-27 में 10 गीगावाट-घंटा बैटरी भंडारण क्षमता जोड़ने और अगले पांच वर्षों में इसे बढ़ाकर 50 गीगावाट-घंटा करने की है। इससे कंपनी को वर्ष 2030 तक 50 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी। यह भारत की सबसे बड़ी और दुनिया की अग्रणी नवीकरणीय ऊर्जा कंपनियों में से एक है। कंपनी स्वच्छ ऊर्जा बदलाव को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर ग्रिड से जुड़ी सौर, पवन, हाइब्रिड और ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं का विकास, स्वामित्व और संचालन करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0