यरुशलम, 01 जुलाई (हि.स.)। इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने स्पष्ट किया है कि इजराइली रक्षा बल (आईडीएफ) फिलहाल लेबनान, सीरिया और गाजा पट्टी से अपनी सैन्य टुकड़ियां नहीं हटाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति को देखते हुए सेना अगले आदेश तक इन मोर्चों पर तैनात रहेगी, ताकि इजराइल के नागरिकों को किसी भी संभावित हमले से सुरक्षित रखा जा सके।
काट्ज ने ईरान को भी कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तेहरान या उसके समर्थित संगठन लेबनान में इजराइल की सैन्य कार्रवाई के जवाब में हमला करते हैं, तो इजराइल पूरी ताकत से जवाब देगा।
रक्षा मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल ही में अमेरिका की मध्यस्थता में इजराइल और लेबनान के बीच एक सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर हुए हैं। इस समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के बीच तनाव कम करना, संघर्ष विराम को मजबूत बनाना और लेबनान में सक्रिय हिजबुल्लाह को हथियार छोड़ने की दिशा में आगे बढ़ाना है।
इजराइल का कहना है कि जब तक हिजबुल्लाह पूरे लेबनान में अपने हथियार नहीं छोड़ता और सुरक्षा संबंधी शर्तें पूरी नहीं होतीं, तब तक उसकी सेना दक्षिणी लेबनान से पीछे नहीं हटेगी।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय