183.50 रुपये तक सस्ता हुआ कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर

01 Jul 2026 08:56:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। जुलाई के पहले दिन देश की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वजन वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में कटौती कर दी है। इस कटौती के बाद आज से देश के अलग-अलग राज्यों में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर 174 रुपये से लेकर 183.50 रुपये तक सस्ता हो गया है। कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में सबसे अधिक 183.50 रुपये की कटौती दिल्ली में की गई है, जबकि कोलकाता में सबसे कम 174 रुपये की कटौती हुई है।

गैस सिलेंडर के सस्ता होने से रेस्टोरेंट, ढाबा या कैटरिंग सर्विस चलाने वाले कमर्शियल श्रेणी के उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। एलपीजी गैस की कीमत में यह कटौती सिर्फ कमर्शियल श्रेणी वाले सिलेंडर में ही की गई है। घरेलू उपयोग में आने वाले 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर (रसोई गैस) के भाव में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

ऑयल मार्केटिंग कंपनी के अनुसार, कीमत में की गई कटौती के बाद दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर 183.50 रुपये सस्ता होकर 3,113.50 रुपये की जगह 2,930 रुपये के भाव पर मिलने लगा है। इसी तरह मुंबई में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर 182 रुपये सस्ता होकर 2,885.50 रुपये के भाव पर मिल रहा है। कोलकाता में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 174 रुपये की कटौती हुई है। कोलकाता में आज से 19 किलोग्राम वाला एलपीजी गैस सिलेंडर 3,081.50 रुपये के भाव पर मिल रहा है।

इसके अलावा चेन्नई में कमर्शियल गैस सिलेंडर 177 रुपये सस्ता होकर 3,106 रुपये के स्तर पर आ गया है। दिल्ली से सटे एनसीआर रीजन की बात करें तो नोएडा में कमर्शियल गैस सिलेंडर 183.50 रुपये सस्ता होकर 2,930 रुपये की कीमत पर मिल रहा है, जबकि गुरुग्राम में 19 किलोग्राम वाला एलपीजी गैस सिलेंडर 182.50 रुपये सस्ता होकर 2,947.50 रुपये के भाव पर मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0