रूस का यूक्रेन के खार्कीव और जापोरिज्जिया में दो इलाकों पर कब्ज़े का दावा

01 Jul 2026 17:47:53
यूक्रेन-रूस (फाइल फाेटाे)


मॉस्को, 01 जुलाई (हि.स.)। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी सेना ने यूक्रेन के उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व क्षेत्रों में दो स्थानों पर नियंत्रण हासिल कर लिया है।

रक्षा मंत्रालय के हवाले से तुर्किए की सरकारी संवाद समिति अनाडाेलू एजेंसी ने बताया कि रूसी सेना की उत्तरी कमान 'सेवर' ने खार्किव क्षेत्र में ‘यूक्रेन्स्के’ इलाके पर कब्ज़ा किया है, जबकि पूर्वी कमान 'वोस्तोक' ने ज़ापोरिज्जिया क्षेत्र में ‘कोपानी’ पर नियंत्रण स्थापित किया है।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी अपने दैनिक युद्ध अपडेट में दी, जिसे सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म “मैक्स” पर साझा किया गया। मंत्रालय का कहना है कि पिछले 24 घंटों में उसकी टैक्टिकल एविएशन, ड्रोन, मिसाइल और आर्टिलरी इकाइयों ने यूक्रेन के 148 सैन्य ठिकानों पर हमले किए।

इसके अलावा, रूस ने दावा किया कि उसकी एयर डिफेंस प्रणालियों ने एक लंबी दूरी की मिसाइल, सात गाइडेड एयर बम और 602 ड्रोन को नष्ट या रोक दिया। मंत्रालय ने यह भी कहा कि काला सागर में तैनात रूस की नौसेना ने दो यूक्रेनी समुद्री ड्रोन भी नष्ट किए।

फिलहाल, इन दावों पर यूक्रेन की ओर से तत्काल आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्वतंत्र रूप से इन दावों की पुष्टि नहीं हो सकी है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0