(अपडेट) राजस्थान के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ट्रक से टकराई बस, आठ की मौत

01 Jul 2026 16:44:53
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराई बस


दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराई बस


दौसा, 01 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान के दौसा जिले के कोलवा थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के खाली ट्रेलर से भीषण टक्कर के बाद स्लीपर यात्री बस में आग लग गई। इस हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 28 यात्री घायल हो गए। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।

दौसा पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के अनुसार हादसा मंगलवार-बुधवार दरमियान रात करीब 2:38 बजे कोलवा थाना क्षेत्र में हुआ। हंस ट्रेवल्स की स्लीपर बस (आरजे 11 डी 6565) और ट्रेलर (आरजे 01 जीई 0164) के बीच टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। बस में आग लगने से छह यात्री बुरी तरह जल गए, जबकि दो अन्य की दुर्घटना में लगी चोटों के कारण मौत हुई।

पुलिस के अनुसार हादसे के बाद मृत यात्रियों की शिनाख्त की गई, जिसमें इंदौर के बजरंग नगर निवासी भूमि भौर पुत्री भारत भौर (20), खरगोन जिले के बड़वाह निवासी प्रियंका पांडे पत्नी जितेन्द्र पांडे (35), दीपक पुत्र नन्नूसिंह तंवर (29), सीहोर जिले के रामपुरा कला निवासी दीपु पुत्र नरबत सिंह (60), इंदौर के अन्नपूर्णा नगर निवासी निर्मला पत्नी चंद्रप्रकाश गुप्ता, झाबुआ जिले के भूतखेड़ी निवासी धर्मसिंह पुत्र गुलसिंह (31), बस चालक तथा बस परिचालक कुलदीप हैं।

घायलों में मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के मौजीवाड़ा निवासी कालू पुत्र बिजिया सिंहाड़ (39), इंदौर के सुदामा नगर निवासी स्वानंद गिररे पुत्र राजेश गिररे (25), बर्फानी धाम निवासी लीजा पुत्री महेश (22), बाणगंगा क्षेत्र निवासी प्रिंस सरोज पुत्र सुनील सरोज (22), खरगोन जिले के बड़वाह स्थित कस्तूरबा मार्ग निवासी नेहा पत्नी सन्नी (26) तथा उनकी पुत्री याशिका (3), आगर निवासी अनीता पत्नी सी.एम. सोनी (56), कुक्षी निवासी योगिनी पुत्री शैलेन्द्र पाटीदार (21), सीहोर जिले के भीलखेड़ी निवासी घीसूलाल पुत्र बलवंत सिंह (65), इंदौर निवासी माहिर मोटीने पुत्री मनीष (18) तथा प्रदीप पुत्र नरेन्द्र (26) हैं।

इसी प्रकार इंदौर के तुकोगंज क्षेत्र स्थित लाला की बगीची निवासी मिहिर पांचाल पुत्र कमल पांचाल, अंजली उर्फ मुस्कान पुत्री रघुनंदन और कनक पुत्री भगवानदास, सुदामा नगर क्षेत्र निवासी ईशा सिंह पुत्री हरदीप सिंह, उज्जैन रोड इंदौर निवासी अविनेश पुत्र अतुल कुमार यादव, इंदौर निवासी बीना पुत्री संजय केशरी, राजस्थान के सीकर जिले के नीमकाथाना निवासी शिखा पत्नी मनोज वर्मा, खरगोन जिले के ओंकारेश्वर निवासी सन्नी पुत्र नन्नूसिंह तंवर (24) और दिव्या पत्नी दीपक कंवर (24) भी घायल हुए हैं।

इसी प्रकार बड़वाह के दशहरा मैदान स्थित पटेल कॉलोनी निवासी जितेन्द्र पांडे पुत्र कृष्णपाल पांडे तथा उनके पुत्र अभिनव पांडे, ओंकारेश्वर निवासी हर्षित पुत्र संजय (6) और वंशराज पुत्र दीपक (7), इंदौर के मारुति नगर निवासी दिशा पुत्री संजय केशरी (19), इंदौर निवासी महक पुत्री महेश मोहिनी (22), उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के विनीत विहार फेस-2 निवासी मयंक तोमर पुत्र विवेक तोमर (27) तथा इंदौर के अन्नपूर्णा नगर निवासी चंद्रप्रकाश गुप्ता भी घायल हैं।

दौसा हॉस्पिटल के पीएमओ डॉक्टर आर के मीणा ने बताया कि 8 लोगों की मौत हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही हो गई थी। 13 लोगों की हालत अब भी गंभीर है।

सुमेरकला निवासी महेंद्र नागर ने कहा कि दुर्घटना के समय मौके पर न तो एंबुलेंस पहुंची और न ही फायर ब्रिगेड। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस को सूचना उन्होंने स्वयं दी थी। उनके अनुसार यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती तो आग पर जल्द काबू पाया जा सकता था।

दौसा जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने बस एवं ट्रेलर की भिड़ंत से हुई सड़क दुर्घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच के लिए जांच दल का गठन किया है। जांच दल में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट लालसोट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दौसा, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी दौसा, उपखण्ड मजिस्ट्रेट बांदीकुई, उपखण्ड मजिस्ट्रेट बसवा, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग (सदस्य सचिव, सड़क सुरक्षा समिति), मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दौसा तथा प्रभारी आईआरएडी एनआईसी दौसा को सदस्य बनाया गया है। जांच दल को दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच करते हुए विस्तृत जांच प्रतिवेदन अतिशीघ्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Powered By Sangraha 9.0