मुरादाबाद नेक्स्ट जेन प्रीमियर क्रिकेट लीग : ब्रास सिटी सुपर को 28 रन से हराकर चैंपियन बनीं स्पोर्ट्स चैलेंजर्स

01 Jul 2026 20:22:53
चैंपियन बनीं स्पोर्ट्स चैलेंजर्स ट्रॉफी के साथ


मुरादाबाद, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में आयाेजित मुरादाबाद नेक्स्ट जेन प्रीमियर क्रिकेट लीग के फाइनल में स्पोर्ट्स चैलेंजर्स ने ब्रास सिटी सुपर किंग्स को 28 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। 63 गेंदों में नाबाद 114 रन की पारी खेलने वाले नितिन को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

नेक्स्ट जनरेशन क्रिकेट एकेडमी मैदान पर बुधवार को खेले गए मैच में टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए स्पोर्ट्स चैलेंजर्स ने तीन विकेट पर 175 रन बनाए। कप्तान नितिन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 63 गेंदों में नाबाद 114 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 11 चौके और छह छक्के लगाए। मोहम्मद रेयान ने नाबाद 30 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया। अतिरिक्त के रूप में टीम को 28 रन मिले। ब्रास सिटी सुपर किंग्स की ओर से अम्मार, राजा और अहद ने एक-एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्रास सिटी सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हालांकि अहद ने 34 गेंदों में 59 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। अरमान ने 27 और साहिब पाशा ने 21 रन का योगदान दिया, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 147 रन ही बना सकी। स्पोर्ट्स चैलेंजर्स की ओर से अक्षत यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि अमीर हमजा ने तीन विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। सोहम अग्रवाल को एक विकेट मिला। कप्तान नितिन को उनकी शतकीय पारी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Powered By Sangraha 9.0