वेस्टइंडीज वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम घोषित, मैट फिशर को पहली बार मौका, जैकब डफी की वापसी

01 Jul 2026 11:54:53
न्यूज़ीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी


वेलिंगटन, 01 जुलाई (हि.स.)।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए बुधवार को 16 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। तेज गेंदबाज मैट फिशर को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है, जबकि हालिया इंग्लैंड टेस्ट दौरे से बाहर रहे जैकब डफी की टीम में वापसी हुई है।

वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का आगाज 11 जुलाई से गुयाना में होगा। पहले तीन मुकाबले 11, 13 और 16 जुलाई को खेले जाएंगे, जबकि अंतिम दो मैच 19 और 21 जुलाई को बारबाडोस में होंगे।

26 वर्षीय मैट फिशर ने अगस्त 2025 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट और इस वर्ष बांग्लादेश के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। उन्होंने 25 लिस्ट-ए मुकाबलों में 26 की औसत से 43 विकेट लिए हैं।

दूसरी ओर, जैकब डफी मार्च में खेले गए टी20 विश्व कप फाइनल के बाद पहली बार न्यूजीलैंड टीम में लौटे हैं। विश्व कप के बाद उन्होंने आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेला था, लेकिन पहले बच्चे के जन्म के कारण इंग्लैंड टेस्ट सीरीज से बाहर रहे थे।

मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा,

मैट और जैकब दोनों के टीम में आने से हमें मजबूती मिलेगी। मैट को पहली बार वनडे टीम में मौका मिलना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। वह तेज गति से गेंदबाजी करते हैं और मैच के अलग-अलग चरणों में प्रभावी गेंदबाजी करने के लिए अपनी विविधताओं पर लगातार काम कर रहे हैं।

उन्होंने डफी की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में उन्होंने सभी प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन किया है और उनका अनुभव टीम के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।

टीम की कप्तानी मिचेल सेंटनर संभालेंगे। स्पिन विभाग में उनके अलावा माइकल ब्रेसवेल, जेडन लेनॉक्स और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को जगह मिली है। लेनॉक्स इस साल जनवरी में भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय पदार्पण कर चुके हैं और यह उनका तीसरा विदेशी सीमित ओवरों का दौरा होगा।

माइकल ब्रेसवेल और मार्क चैपमैन भी हालिया अंतरराष्ट्रीय असाइनमेंट से बाहर रहने के बाद टीम में लौटे हैं।

न्यूजीलैंड ने तेज गेंदबाज काइल जैमीसन, मैट हेनरी और विल ओ'रूर्क को व्यस्त कार्यक्रम के कारण आराम दिया है। ब्लेयर टिकनर टखने की सर्जरी के चलते उपलब्ध नहीं होंगे।

वहीं डेवोन कॉनवे दूसरे बच्चे के जन्म के कारण इस दौरे पर नहीं जाएंगे, जबकि रचिन रवींद्र पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) में हिस्सा लेने के कारण उपलब्ध नहीं रहेंगे।

न्यूजीलैंड की वनडे टीम

मिचेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे, निक केली, टॉम लैथम (विकेटकीपर), जेडन लेनॉक्स, डैरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, बेन सियर्स, नाथन स्मिथ और विल यंग।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0