केरल क्रिकेट संघ ने श्रीसंत पर लगा तीन साल का प्रतिबंध हटाया

01 Jul 2026 18:41:53
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज श्रीसंत


तिरुवनंतपुरम, 01 जुलाई (हि.स.)। भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत को बड़ी राहत मिली है। केरल क्रिकेट संघ (केसीए) ने उन पर लगाया गया तीन साल का प्रतिबंध वापस लेने का फैसला लिया है।

केरल क्रिकेट संघ ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि बुधवार को अपनी विशेष आम सभा में सर्वसम्मति से श्रीसंत पर लगे प्रतिबंध को समाप्त करने का निर्णय लिया। केसीए के अनुसार श्रीसंत ने संगठन के खिलाफ की गई अपनी टिप्पणियों पर बिना शर्त माफी मांगते हुए खेद व्यक्त किया था। उनकी ओर से दिए गए इसी माफीनामे को आधार बनाकर प्रतिबंध हटाने का फैसला लिया गया।

केसीए ने पिछले वर्ष श्रीसंत पर संगठन के खिलाफ कथित रूप से मानहानिकारक टिप्पणियां करने के आरोप में तीन साल का प्रतिबंध लगाया था। यह कार्रवाई पिछले केरल क्रिकेट लीग सीजन के मुकाबलों से पहले की गई थी। अब प्रतिबंध हटने के बाद श्रीसंत के लिए केरल क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियों में दोबारा भाग लेने का रास्ता साफ हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0