मेसी और गोल करेंगे, लेकिन मेरा लक्ष्य विश्व कप ट्रॉफी जीतना है : किलियन एमबाप्पे

01 Jul 2026 09:06:53
फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एमबाप्पे


ईस्ट रदरफोर्ड (न्यू जर्सी), 01 जुलाई (हि.स.)। फीफा विश्व कप 2026 में शानदार फॉर्म में चल रहे फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एमबाप्पे ने बुधवार को कहा है कि वह गोल्डन बूट या गोलों के रिकॉर्ड से ज्यादा विश्व कप ट्रॉफी जीतने पर ध्यान दे रहे हैं। उनका मानना है कि लियोनेल मेसी अभी और गोल करेंगे, लेकिन उनकी पूरी एकाग्रता 19 जुलाई को विश्व कप का खिताब जीतने पर है।

स्वीडन के खिलाफ राउंड ऑफ-32 मुकाबले में दो गोल दागकर फ्रांस को 3-0 की जीत दिलाने वाले एमबाप्पे ने विश्व कप में अपने कुल गोलों की संख्या 18 पहुंचा दी है। वह अब मेसी के 19 विश्व कप गोलों के रिकॉर्ड से सिर्फ एक गोल पीछे हैं। मौजूदा टूर्नामेंट में भी दोनों खिलाड़ी छह-छह गोल के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्कोरर हैं।

मैच के बाद एमबाप्पे ने पत्रकारों से कहा,हमारा लक्ष्य जितना संभव हो उतना आगे बढ़ना है और 19 जुलाई को यहीं लौटकर विश्व कप ट्रॉफी जीतना है। हम एक-एक कदम आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अधिक गोल करने से रिकॉर्ड बनते हैं, लेकिन उनका ध्यान व्यक्तिगत उपलब्धियों पर नहीं है।

उन्होंने कहा, मुझे पूरा भरोसा है कि लियो (मेसी) अभी और गोल करेंगे। इसलिए मैं इस दौड़ पर ज्यादा ध्यान नहीं देता। मेरा फोकस सिर्फ उन टीमों पर है जिनका हमें सामना करना है और अपने अंतिम लक्ष्य यानी विश्व कप फाइनल तक पहुंचना है।

पराग्वे के खिलाफ सतर्क रहेगा फ्रांस

फ्रांस का अगला मुकाबला शनिवार को फिलाडेल्फिया में पराग्वे से होगा। पराग्वे ने राउंड ऑफ-32 में चार बार के विश्व चैंपियन जर्मनी को पेनल्टी शूटआउट में हराकर बड़ा उलटफेर किया था।

एमबाप्पे ने कहा कि फ्रांस किसी भी टीम को हल्के में नहीं लेगा।

उन्होंने कहा, हम पराग्वे के खिलाफ मुकाबले से पहले अपनी कमियों पर काम करेंगे। अभी भी कुछ पहलुओं में सुधार की जरूरत है। हालांकि हमारी सबसे बड़ी ताकत गोल करने की क्षमता है, जिससे हम किसी भी मैच में बढ़त हासिल कर सकते हैं।

यदि फ्रांस पराग्वे को हराने में सफल रहता है तो क्वार्टर फाइनल में उसका सामना कनाडा या मोरक्को से होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0