विंबलडन से स्टेन वावरिंका की भावुक विदाई, पहले दौर में बेरेटिनी से हारकर हुए बाहर

01 Jul 2026 09:14:53
तीन बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्टेन वावरिंका


लंदन, 01 जुलाई (हि.स.)। तीन बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्टेन वावरिंका का विंबलडन सफर मंगलवार को पहले ही दौर में समाप्त हो गया। 41 वर्षीय स्विस दिग्गज को इटली के मैटियो बेरेटिनी ने रोमांचक मुकाबले में 6-7 (7), 7-6 (16), 7-6 (7), 7-6 (5) से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।

करीब चार घंटे 20 मिनट तक चले इस मुकाबले के बाद दर्शकों ने वावरिंका को खड़े होकर तालियां बजाकर विदाई दी। माना जा रहा है कि यह उनके करियर का आखिरी विंबलडन मुकाबला था।

वावरिंका ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह 2026 सीजन के अंत में संन्यास ले लेंगे। उन्हें इस बार विंबलडन में वाइल्ड कार्ड के जरिए प्रवेश मिला था।

स्विस स्टार ने 2014 में ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर अपने ग्रैंड स्लैम सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने फ्रेंच ओपन और यूएस ओपन का खिताब भी अपने नाम किया। इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन में उन्होंने तीसरे दौर तक का सफर तय किया था, जबकि फ्रेंच ओपन में पहले दौर में बाहर हो गए थे।

मैच के बाद भावुक वावरिंका ने कहा,जिस खेल से आप इतना प्यार करते हों, उसे अलविदा कहना कभी आसान नहीं होता। मैं संन्यास नहीं लेना चाहता, लेकिन मुझे पता है कि अब समय आ गया है।

वहीं, इस जीत के साथ 2021 विंबलडन उपविजेता मैटियो बेरेटिनी ने दूसरे दौर में जगह बना ली है, जहां उनका सामना फ्रांस के आर्थर फिल्स से होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0