अन्नाद्रमुक के पूर्व विधायक सी. विजयभास्कर कल टीवीके में होंगे शामिल

01 Jul 2026 13:00:53
मुख्यमंत्री विजय - सी. विजयभास्कर : फाइल फोटो


चेन्नई, 01 जुलाई (हि.स.)। तमिलनाडु की राजनीति में जारी उठापटक के बीच अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) के पूर्व विधायक एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सी. विजयभास्कर ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि वह 2 जुलाई को तमिलागा वेत्रि कड़गम (टीवीके) की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व में अपनी राजनीतिक यात्रा को नए उत्साह और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ाएंगे।

बुधवार को जारी बयान में सी. विजयभास्कर ने कहा कि वह पिछले 35 वर्षों से राजनीति के माध्यम से जनता की सेवा करते आ रहे हैं। तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री के रूप में कार्य करते हुए कोविड-19 महामारी जैसी अभूतपूर्व चुनौती के दौरान उन्होंने पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ जनसेवा की। उस कठिन दौर में किए गए कार्यों से राज्य की जनता भली-भांति परिचित है।

सी. विजयभास्कर ने कहा कि जनता और तमिलनाडु के विकास के लिए अपने सार्वजनिक जीवन को नई दिशा देने के उद्देश्य से वह मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली टीवीके में शामिल होने का निर्णय ले रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नए राजनीतिक मंच के माध्यम से वह जनहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकेंगे।

सी. विजयभास्कर ने बताया कि उनका सदस्यता ग्रहण समारोह 2 जुलाई को सुबह 9 बजे मामल्लपुरम (महाबलीपुरम) स्थित एक होटल के सभागार में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसका कवरेज करने तथा अपना सहयोग एवं शुभकामनाएं देने का आग्रह भी किया।

गौरतलब है कि सी. विजयभास्कर अन्नाद्रमुक सरकार में स्वास्थ्य एवं जनकल्याण मंत्री रह चुके हैं। वर्ष 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उन्होंने विरालिमलाई विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज कर विधायक बने थे। हालांकि हाल ही में उन्होंने अपने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद उनके टीवीके में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई थीं। अब उन्होंने स्वयं इसकी औपचारिक घोषणा कर दी है।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व में तमिलागा वेत्रि कड़गम की सरकार बनने के पश्चात अन्नाद्रमुक राजनीतिक रूप से कमजोर हुई है और पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर मतभेद भी सामने आए हैं। पार्टी एडप्पाडी के. पलानीस्वामी और सी.वी. शण्मुगम गुटों में बंटी हुई दिखाई दे रही है। इसी बीच अन्नाद्रमुक के चार विधायक पहले ही इस्तीफा देकर टीवीके में शामिल हो चुके हैं। अब पूर्व मंत्री सी. विजयभास्कर के इस निर्णय को भी राज्य की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और अन्नाद्रमुक के लिए एक और बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Powered By Sangraha 9.0