
नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) की तरफ से दिल्ली के उत्तरी हिस्से और आसपास के इलाके में किए मोबाइल नेटवर्क गुणवत्ता जांच में एयरटेल और जियो ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। इन दोनों ही सेवा प्रदाता कंपनियों की इंटरनेट गति सबसे तेज रही, वोडाफोन‑आइडिया में कॉल कटने की समस्या लगभग नहीं दिखी, जबकि एमटीएनएल के नेटवर्क में सबसे ज्यादा दिक्कतें सामने आईं।
केंद्रीय संचार मंत्रालय ने बताया कि जांच के दौरान अलग‑अलग जगहों पर मोबाइल कंपनियों की सेवाओं को परखा गया। इसमें देखा गया कि किस कंपनी का नेटवर्क कमजोर है, कितनी बार कॉल बीच में कट जाती है और इंटरनेट कितनी तेजी से चलता है। एयरटेल और जियो की 5जी सेवाएं बेहतर रहीं, वहीं एमटीएनएल में नेटवर्क की कमी और कॉल ड्रॉप की समस्या गंभीर रही।
रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर दिल्ली में जियो की औसत इंटरनेट गति करीब 249 एमबीपीएस और एयरटेल की 179 एमबीपीएस रही। वोडाफोन‑आइडिया की स्पीड लगभग 24 एमबीपीएस रही, जबकि एमटीएनएल केवल 4 एमबीपीएस तक ही पहुंच पाया। एयरपोर्ट रूट पर भी यही स्थिति रही, जहां जियो और एयरटेल की स्पीड सबसे तेज रही।
कॉल की गुणवत्ता में एयरटेल में 452 कॉल में से केवल 3 कॉल बीच में कट गईं, जियो में 459 कॉल में से 4 कॉल कट गईं, वोडाफोन‑आइडिया में कोई कॉल ड्रॉप नहीं हुई, जबकि एमटीएनएल में 362 कॉल में से 48 कॉल कट गईं। कॉल के दौरान आवाज बंद होने की समस्या भी दर्ज की गई, जिसमें वोडाफोन‑आइडिया में सबसे ज्यादा 24 बार यह दिक्कत सामने आई।
मंत्रालय ने बताया कि यह जांच 13 से 17 अप्रैल के बीच की गई थी। इसमें 374 किलोमीटर का शहर का रास्ता, 58 किलोमीटर का एयरपोर्ट रूट, 13 प्रमुख स्थान और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल परीक्षण शामिल था। ट्राई ने कहा कि इन नतीजों को मोबाइल कंपनियों के साथ साझा किया गया है ताकि वे अपनी सेवाओं में सुधार कर सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर