उत्तराखंड में मानसून सक्रिय, दून-बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

01 Jul 2026 13:32:53
देहरादून मौसम।


देहरादून, 01 जुलाई (हि. स.)। दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से बुधवार को राजधानी देहरादून सहित कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हुई। मौसम विभाग की ओर से एक और दो जुलाई को देहरादून और बागेश्वर समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसके मद्देनजर प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

राजधानी देहरादून सहित राज्य भर में में बुधवार सुबह से आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। सुबह करीब 10 बजे के बाद शहर के संतलादेवी, राजपुर रोड, घंटाघर, आईएसबीटी सहित अधिकांश क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश शुरू हो गई। लगातार हो रही वर्षा से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में मानसून के राज्य के शेष भागों में भी आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। एक जुलाई को देहरादून और बागेश्वर तथा दो जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। हरिद्वार, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली सहित अन्य जिलों में भी भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने, राहत एवं बचाव दलों को हाई अलर्ट पर रखने और किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

देहरादून के जिलाधिकारी आशीष चौहान ने भी नदी-नालों, गधेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। पिछले 24 घंटों में पिथौरागढ़ में 68.3 मिमी, देहरादून में 62.0 मिमी, बनबसा और चंपावत में 61-61 मिमी तथा गरुड़ में 60.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। स्वचालित मौसम केंद्रों के अनुसार डंगोली में 98.0 मिमी और कौसानी में 80.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Powered By Sangraha 9.0