छत्तीसगढ़ में पासपोर्ट बनवाने वालों का बढ़ा रुझान, 25 साल में 152 गुना बढ़े आवेदन

युगवार्ता    10-Jul-2026
Total Views |
पासपोर्ट (फाइल फोटो)


रायपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में पासपोर्ट बनवाने वालों की संख्या पिछले 25 वर्षों में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। रायपुर में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय खुलने के बाद आवेदन 152 गुना बढ़े हैं और इससे प्रदेश के युवाओं, पेशेवरों तथा कारोबारियों के लिए विदेश यात्रा की प्रक्रिया पहले से अधिक आसान हुई है।

आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2007 में पूरे साल केवल 375 आवेदन आए थे, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 56,991 हो गई। कोरोना काल जैसी कठिन परिस्थितियों में भी करीब 27 हजार पासपोर्ट जारी किए गए, जो सेवा की निरंतरता को दिखाता है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि रायपुर के बाद दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर में पासपोर्ट धारकों की संख्या अधिक है।

प्रदेश में बढ़ती उच्च शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा, पर्यटन और कारोबार संबंधी विदेश-यात्रा की चाह इस वृद्धि का प्रमुख कारण मानी जा रही है। इससे छत्तीसगढ़ की वैश्विक पहुंच और नागरिक सेवाओं के विस्तार का संकेत मिलता है।

राज्य में सबसे अधिक रायपुर में 23 हजार लोग पासपोर्ट धारक हैं। इसके बाद दुर्ग-भिलाई में नौ हजार, बिलासपुर में सात हजार, राजनांदगांव में चार हजार तथा बस्तर और सरगुजा संभाग में करीब तीन हजार पासपोर्टधारक हैं। अन्य जिलों को मिलाकर यह संख्या करीब 11 हजार है, जो विदेश यात्रा के बढ़ते रुझान को दर्शाती है।

प्रदेश में पिछले 19 वर्षों में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, मुख्य न्यायाधीश, मुख्य सचिव और अन्य पात्र विशिष्ट व्यक्तियों सहित 26 डिप्लोमैटिक पासपोर्ट जारी किए गए हैं। विदेश मंत्रालय के नियमों के तहत जारी होने वाले मेहरून रंग के इन पासपोर्टधारकों को विदेश यात्रा के दौरान विशेष प्रोटोकाल और कई औपचारिकताओं में राहत मिलती है।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी बीएस राणा के अनुसार नई शाखाओं और सरल प्रक्रिया के कारण अब लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ रहा है। पासपोर्ट बनवाने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। नए आवेदकों के साथ नवीनीकरण कराने वाले भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। पिछले 25 वर्षों में आवेदन 152 गुना बढ़ गए हैं। पिछले पांच वर्षों में 11 डिप्लोमैटिक पासपोर्ट जारी हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Tags