
नई दिल्ली, 10 जुलाई (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का मामूली झटका भी लगा, लेकिन थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.09 प्रतिशत और निफ्टी 1.08 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से जियो फाइनेंशियल, एचसीएल टेक्नोलॉजी, टेक महिंद्रा, विप्रो और जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयर 3.59 प्रतिशत से लेकर 1.88 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज, भारती एयरटेल, एटरनल, मैक्स हेल्थकेयर और सन फार्मास्युटिकल्स के शेयर 2.42 प्रतिशत से लेकर 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,699 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,237 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 462 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 27 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर सिर्फ तीन शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 44 शेयर हरे निशान में और छह शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 653.81 अंक की मजबूती के साथ 77,395.63 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने पर यह सूचकांक फिसल कर 77,320.56 अंक तक आया। इसके तुरंत बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 839.99 अंक की उछाल के साथ 77,581.81 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 161.90 अंक उछल कर 24,124.70 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में और तेजी आ गई। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली के मामूली झटके भी लगते रहे, लेकिन लिवाली का जोर इतना अधिक था कि इस सूचकांक की चाल पर कोई विशेष असर नहीं पड़ा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 258.25 अंक की बढ़त के साथ 24,221.05 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 238.22 अंक यानी 0.31 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,741.82 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 80.75 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,962.80 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक