पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम समेत देश के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना

11 Jul 2026 17:56:53
मौसम का प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 11 जुलाई (हि.स.)। देश के विभिन्न हिस्सों में अगले दो-तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदलते रहने के आसार हैं। पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर अगले 3-4 दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। अगले 6-7 दिनों के दौरान देश के उत्तर-पश्चिम, पश्चिम-मध्य और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के मैदानी इलाकों में बारिश कम होने के आसार हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार देश के विभिन्न हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदलते रहने के आसार हैं। दिल्ली में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमशः 37-39 डिग्री सेल्सियस और 26-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस दिन यहां हवाओं की गति मध्यम रहेगी। 13 जून को भी यही स्थिति रहने की संभावना है लेकिन 14 जून की शाम या रात के समय हल्की बारिश होने के आसार हैं।

दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37-39 डिग्री सेल्सियस और 27-29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इस दिन हवाओं की रफ्तार सुबह के समय 20 किमी प्रति घंटा और शाम को इनकी गति घटकर 15 किमी प्रति घंटा रह सकती है। दिल्ली में आज शाम को हल्की बारिश होने का अनुमान था। फिलहाल, आज यहां के मौसम में उमस महसूस की गई।

मध्य भारत के विदर्भ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 12 से 17 जुलाई के दौरान और 12 से 13 जुलाई के दौरान छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं या कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है लेकिन इसी राज्य के अधिकतर जगहों पर 14-17 जुलाई के दौरान बारिश होने के आसार हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों में अगले 5-6 दिनों के दौरान भारी बारिश होने का अनुमान है। पश्चिमी भारत में 12-17 जुलाई के दौरान कोंकण और गोवा सहित अन्य राज्यों में में बारिश होने की संभावना है। ये क्षेत्र तूफानी हवाओं की भी चपेट में रह सकते हैं।

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा तेलंगाना में कहीं-कहीं 12 से 17 जुलाई के दौरान छिटपुट बारिश होने की संभावना है जबकि इसी बीच केरल, माहे और कर्नाटक सहित इससे सटे अन्य राज्यों में ठीक-ठाक बारिश हो सकती है। इन्हीं क्षेत्रों तेज रफ्तार हवाएं भी चलने की प्रबल संभावना है जिससे लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो सकता है।

पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मेघालय में भारी बारिश (12-20 सेमी), गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मिजोरम, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश (7-11 सेमी) दर्ज की गई। पंजाब और पश्चिमी मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में धूल भरी आंधी चली जिनकी रफ्तार 60-80 किमी प्रति घंटा तक दर्ज की गई।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0