दक्षिण अफ्रीका में बर्नपुर के कुंतल दास का कमाल

11 Jul 2026 21:40:53
कुंतल दास का फाइल फोटो


- एशियन–पैसिफिक–अफ्रीकन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक पश्चिम बर्दवान, 11 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम शहर में तीन से 12 जुलाई तक आयोजित 2026 एशियन–पैसिफिक–अफ्रीकन पावरलिफ्टिंग एवं इक्विप्ड बेंच प्रेस चैंपियनशिप में बर्नपुर निवासी एवं आईएसपी (इस्को स्टील प्लांट) के अधिकारी कुंतल दास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर देश और आसनसोल का गौरव बढ़ाया है। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में एशिया, अफ्रीका और प्रशांत क्षेत्र के 20 से अधिक देशों के खिलाड़ी अपनी ताकत का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में क्लासिक और इक्विप्ड बेंच प्रेस तथा पावरलिफ्टिंग की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कुंतल दास ने एम-1 आयु वर्ग के 120 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक प्राप्त किया। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब कुंतल दास ने इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया है। इससे पहले वर्ष 2025 में जापान के हिमेजी शहर में आयोजित एशिया पैसिफिक अफ्रीका पावरलिफ्टिंग (बेंच प्रेस) चैंपियनशिप में भी उन्होंने एम-1 120 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता था। दक्षिण अफ्रीका में आयोजित इस वर्ष की प्रतियोगिता में भारत के अलावा दक्षिण अफ्रीका, जापान, चीन, ईरान, कज़ाख़स्तान, मंगोलिया, दक्षिण कोरिया, चीनी ताइपे, हांगकांग, सिंगापुर, मलेशिया, थाईलैंड, इंडोनेशिया, फिलीपींस, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, श्रीलंका, नेपाल, बांग्लादेश, पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात सहित 20 से अधिक देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। कुंतल दास की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, आईएसपी परिवार और आसनसोल के लोगों में खुशी का माहौल है। उनकी इस सफलता को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Powered By Sangraha 9.0