सीजफायर के बावजूद दक्षिणी लेबनान में इजराइल के हमले जारी

11 Jul 2026 20:10:53

यरुशलम/बेरूत, 11 जुलाई। इजराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच लागू युद्धविराम के बावजूद दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैन्य कार्रवाई थमने का नाम नहीं ले रही है। टायर जिले के अल-मंसूरी कस्बे के अल-मशाआ इलाके में इजराइल की ओर से हवाई हमला किए जाने की खबर सामने आई है। इजरायइ रक्षा बल (आई़डीएफ) ने कहा है कि वह इस घटना से संबंधित रिपोर्टों की जांच कर रहा है।

हालिया हमले ऐसे समय हुए हैं जब अमेरिका की मध्यस्थता में हुए सुरक्षा समझौते के तहत इजारइल से दक्षिणी लेबनान के दो इलाकों से सैनिकों की वापसी की उम्मीद जताई जा रही है। इसके बावजूद सीमा क्षेत्र में तनाव लगातार बना हुआ है।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, इस सप्ताह दक्षिणी लेबनान में ड्रोन हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं। कफ्र रुम्मान कस्बे में एक मोटरसाइकिल पर ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं नबातियेह जिले में एक ट्रक पर किए गए ड्रोन हमले में दो लोग घायल हुए।

इजराइली सेना का दावा है कि हमलों में जिन लोगों को निशाना बनाया गया, वे ऐसे संदिग्ध थे जो उसके सैनिकों के लिए तत्काल खतरा पैदा कर रहे थे। सेना ने उन्हें आतंकवादी बताते हुए कार्रवाई को आवश्यक बताया।

दूसरी ओर, लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 02 मार्च से अब तक इजराइली सैन्य हमलों में 4,321 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12,207 से अधिक लोग घायल हुए हैं। लगातार जारी हमलों के कारण युद्धविराम की प्रभावशीलता और क्षेत्र में स्थायी शांति की संभावनाओं पर नए सवाल खड़े हो गए हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0