मप्रः दतिया में उग्र प्रदर्शन के बीच भोपाल पहुंचे नरोत्तम मिश्रा, सीएम हाउस से खाली हाथ लौटना पड़ा

11 Jul 2026 23:57:53
सीएम हाउस में बैठक


- बोले- पार्टी का निर्णय सही, किसी से कोई नाराजगी नहीं

भोपाल, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में टिकट कटने के बाद हुए उग्र प्रदर्शन के बाद पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा शनिवार शाम भोपाल पहुंचे। इसके बाद देर शाम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल नरोत्तम मिश्रा को लेकर सीएम आवास पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें दतिया जिताने की बात पर सहमति बनी। इसके बाद नरोत्तम मिश्रा सीएम हाउस से लौट आए।

सीएम हाउस पहुंचने से पहले डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में कार्यकर्ताओं के हिंसक विरोध प्रदर्शन को गलत बताया। उन्होंने कहा कि वह किसी से नाराज नहीं हैं। उन्हें पार्टी का निर्णय स्वीकार है, पार्टी जो भी फैसला करती है, वह सही होता है और इसे मानना चाहिए। कार्यकर्ताओं में जो नाराजगी दिख रही है, वह क्षणिक आवेश है, धीरे-धीरे सब सामान्य हो जाएगा।

पार्टी के किसी बड़े नेता से बात होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मेरा मोबाइल बंद था, किसी भी वरिष्ठ नेता ने अब तक बात नहीं की। उन्होंने यह भी कहा कि दतिया उपचुनाव के लिए भाजपा ने जिनको (आशुतोष तिवारी) को टिकट दिया है, उनको जिताएंगे। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा संगठन के आदेश का पालन करूंगा, पार्टी आगे जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा।

उग्र प्रदर्शन मामले में 27 नेताओं पर एफआईआर

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है। यहां से भाजपा ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। शुक्रवार की शाम उम्मीदवार का नाम घोषित होने के बाद पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने से समर्थक भड़क गए। शनिवार रात को शुरू हुआ उग्र प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा। इस दौरान चक्काजाम कर पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें पुलिस एधीक्षक समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए। मामले में कोतवाली थाना पुलिस पुलिस ने 27 बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज की है।

शनिवार को प्रशासन ने पूरे जिले में बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी। बिना अनुमति किसी भी सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन और सार्वजनिक आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही 5 या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर भी रोक लगा दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0