अंडर-23 राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर मप्र की प्रियांशी बनी चैंपियन

11 Jul 2026 23:10:03
मप्र की  प्रियांशी


भोपाल, 11 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के रोहतक में 10 से 12 जुलाई 2026 तक आयोजित अंडर-23 राष्ट्रीय सीनियर कुश्ती चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश राज्य कुश्ती अकादमी की पूर्व खिलाड़ी प्रियांशी प्रजापत ने शनिवार को महिला 50 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

रोहतक में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, तेलंगाना, कर्नाटक और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के शीर्ष पहलवान भाग ले रहे हैं। देशभर के नामी पहलवानों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। प्रियांशी ने पूरे टूर्नामेंट में संयम, तकनीक और आक्रामक खेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी मुकाबलों में बढ़त बनाई और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रियांशी प्रजापत को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रियांशी भविष्य में भी देश के लिए कई बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी।

इस उपलब्धि का श्रेय खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक अंशुमान यादव, संयुक्त संचालक बी.एस. यादव, कुश्ती अकादमी के प्रशिक्षकों और खेल विभाग के समस्त सहयोगी स्टाफ को भी जाता है, जिनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0