भारतीय संगीत जगत की स्वर कोकिला एस. जानकी का निधन

11 Jul 2026 23:12:53
एस. जानकी (फ़ाइल फ़ोटो)


मैसूर, 11 जुलाई (हि.स.)। भारतीय सिनेमा की प्रसिद्ध पार्श्वगायिका और दक्षिण भारत की स्वर कोकिला के रूप में विख्यात एस. जानकी का शनिवार को कर्नाटक के मैसूर में निधन हो गया। वह 88 वर्ष की थीं। आयु संबंधी बीमारियों से पीड़ित एस. जानकी का उपचार चल रहा था, लेकिन आज उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

23 अप्रैल 1938 को आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में जन्मी एस. जानकी ने वर्ष 1957 में पार्श्वगायन की शुरुआत की थी। इसके बाद छह दशकों से अधिक समय तक उन्होंने अपनी मधुर आवाज़ से करोड़ों संगीत प्रेमियों का दिल जीता। कन्नड़, तमिल, तेलुगु, मलयालम, हिंदी सहित 17 से अधिक भाषाओं में लगभग 48 हजार से अधिक गीत गाकर उन्होंने भारतीय संगीत जगत में एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया।

कन्नड़ फिल्म उद्योग में उन्होंने डॉ. राजकुमार, विष्णुवर्धन, अंबरीश, शंकर नाग सहित कई पीढ़ियों के अभिनेताओं की फिल्मों के लिए अपनी आवाज़ दी। उनके गाए अनेक गीत आज भी संगीत प्रेमियों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।

एस. जानकी को सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायिका के रूप में चार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों सहित विभिन्न राज्य सरकारों के पुरस्कार और अनेक सम्मान प्राप्त हुए। वर्ष 2013 में घोषित पद्म भूषण सम्मान को उन्होंने यह कहते हुए विनम्रतापूर्वक स्वीकार नहीं किया था कि यह सम्मान उन्हें बहुत देर से दिया गया।

एस. जानकी के निधन पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध गायिका और स्वर कोकिला एस. जानकी अम्मा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। 17 भाषाओं में हजारों गीतों को अपनी मधुर आवाज़ देने वाली इस महान गायिका का जाना संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि जानकी अम्मा अपने गीतों के माध्यम से सदैव संगीत प्रेमियों के हृदय में जीवित रहेंगी। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार, उनके असंख्य प्रशंसकों और शुभचिंतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इसी बीच फिल्म जगत की कई हस्तियों तथा संगीत क्षेत्र से जुड़े कलाकारों ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। संगीत प्रेमियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि एस. जानकी के निधन से भारतीय संगीत जगत ने अपनी एक अमूल्य और मधुर आवाज़ खो दी है, लेकिन उनके गीत सदैव अमर रहेंगे।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, एस. जानकी का अंतिम संस्कार रविवार को मैसूर स्थित उनके दत्तक पुत्र नवीन के फार्म हाउस में किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Powered By Sangraha 9.0