नवंबर में न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी भारतीय फुटबॉल टीम, खेलेगी दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच

11 Jul 2026 18:34:53
भारतीय फुटबॉल टीम


नई दिल्ली, 11 जुलाई (हि.स.)। भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम नवंबर 2026 के फीफा अंतरराष्ट्रीय विंडो के दौरान न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी, जहां वह मेजबान न्यूज़ीलैंड (ऑल व्हाइट्स) के खिलाफ दो अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलेगी। यह दौरा दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।

भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 12 नवंबर को ऑकलैंड के गो मीडिया स्टेडियम में खेलेगी, जबकि दूसरा मैच 15 नवंबर को क्राइस्टचर्च के वन एनजेड स्टेडियम में आयोजित होगा।

इस सीरीज की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की न्यूजीलैंड की आधिकारिक यात्रा के दौरान की गई। यह मुकाबले भारत के लिए महत्वपूर्ण होंगे क्योंकि न्यूजीलैंड ने फीफा विश्व कप 2026 के लिए क्वालिफाई किया है और मजबूत प्रतिद्वंद्वी माना जाता है।

भारत और न्यूजीलैंड की पुरुष फुटबॉल टीमों की पिछली भिड़ंत 2018 इंटरकॉन्टिनेंटल कप में हुई थी, जहां सुनील छेत्री के गोल के बावजूद भारत को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था।

दोनों देशों के बीच खेल संबंधों की शुरुआत वर्ष 1926 में हुई थी, जब मेजर ध्यानचंद भारतीय सेना की हॉकी टीम के साथ न्यूजीलैंड दौरे पर गए थे। यह फुटबॉल सीरीज उसी ऐतिहासिक रिश्ते के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित की जा रही है।

यह दौरा भारत-न्यूजीलैंड संयुक्त खेल कार्ययोजना का भी हिस्सा है, जिसके तहत दोनों देश कोचिंग, खेल विज्ञान, प्रतिभा विकास और हाई-परफॉर्मेंस कार्यक्रमों में सहयोग को और मजबूत करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0