डायमंड लीग 2026: सर्वेश कुशारे ने डेब्यू में जीता कांस्य, मोनाको में तीसरे स्थान पर रहे

11 Jul 2026 07:34:53
भारत के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी सर्वेश कुशारे


मोनाको, 11 जुलाई (हि.स.)। भारत के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी सर्वेश कुशारे ने डायमंड लीग में अपने पहले ही मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए शुक्रवार को पुरुषों की हाई जंप स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल किया। मोनाको में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कुशारे ने 2.26 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर पोडियम पर जगह बनाई।

इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक यूक्रेन के ओलेह डोरोशचुक ने 2.32 मीटर की छलांग के साथ जीता, जबकि ग्रेट ब्रिटेन के किमानी जैक ने 2.30 मीटर के प्रयास के साथ रजत पदक अपने नाम किया।

हालांकि सर्वेश अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड 2.31 मीटर की बराबरी नहीं कर सके। उन्होंने यह रिकॉर्ड हाल ही में भुवनेश्वर में आयोजित 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बनाया था। उस दौरान उन्होंने तेजस्विन शंकर के 2.29 मीटर के पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ा था।

डायमंड लीग से पहले सर्वेश और किमानी जैक दोनों का इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2.31 मीटर था, जो प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले 10 खिलाड़ियों में संयुक्त रूप से सबसे बेहतर था।

इस प्रतियोगिता में टोक्यो ओलंपिक के संयुक्त स्वर्ण पदक विजेता इटली के जियानमार्को ताम्बेरी और कतर के मुताज बरशीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। ताम्बेरी 2.23 मीटर की छलांग के साथ संयुक्त छठे स्थान पर रहे, जबकि बरशीम 2.20 मीटर के प्रयास के साथ संयुक्त आठवें स्थान पर रहे।

सर्वेश कुशारे का यह प्रदर्शन भारतीय एथलेटिक्स के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है और आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से पहले उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0