राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों के बीच सफल स्वास्थ्य नवाचारों के आदान-प्रदान के लिए वेबिनार का शुभारंभ

11 Jul 2026 19:11:53
इस पहल की शुरुआत करत हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक अराधना पटनायक


नई दिल्ली, 11 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को विश्व जनसंख्या दिवस पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत ‘सर्वोत्तम प्रथाओं पर मासिक वेबिनार शृंखला’ का शुभारंभ किया। वर्षभर चलने वाले इस पहल के तहत राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच सफल स्वास्थ्य नवाचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा।

इस पहल की शुरुआत शनिवार को करते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक अराधना पटनायक ने कहा कि जिम्मेदार और मजबूत सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली के निर्माण में नवाचार की केंद्रीय भूमिका है। उन्होंने वेबिनार शृंखला को राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में विकसित हो रही अभिनव पहलों की पहचान, दस्तावेजीकरण और प्रसार का एक महत्वपूर्ण संस्थागत मंच बताया, जिससे एक राज्य में विकसित सफल समाधान देश के अन्य हिस्सों में भी अपनाए जा सकेंगे।

पटनायक ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि वे ऐसे नवाचार प्रस्तुत करें जो स्थानीय स्तर पर विकसित समाधानों के माध्यम से उभरती सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौतियों का समाधान करते हों। उन्होंने राज्य और जिला स्तर की उन टीमों की सराहना की, जिनके अभिनव कार्य अक्सर दस्तावेजीकरण और प्रचार-प्रसार के अभाव में व्यापक पहचान नहीं प्राप्त कर पाते।

पहले वेबिनार का विषय “एनीमिया, बाल एवं किशोर स्वास्थ्य” था, जिसमें तीन राज्यों की ऐसी नवाचारी पहलों को प्रस्तुत किया गया, जिन्होंने स्थानीय स्वास्थ्य चुनौतियों के समाधान में उल्लेखनीय परिणाम दिए हैं।

इस दौरान झारखंड ने एनीमिया मुक्त भारत टी4 ऐप तथा होम बेस्ड न्यूबॉर्न केयर –होम बेस्ड यंग चाइल्ड केयर गृह भ्रमण के बारे में बताया गया। छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत ‘चिरायु डे’ पहल की जानकारी दी, जबकि मध्य प्रदेश ने किशोरों में बढ़ते मोटापे की रोकथाम संबंधी अपनी अभिनव पहल प्रस्तुत की।

स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित इन पहलों को सार्वजनिक स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रभावी और अन्य राज्यों में अपनाए जा सकने वाले उत्कृष्ट मॉडलों के रूप में प्रस्तुत किया गया। वेबिनार में केंद्र, राज्यों और जिला स्तर के 500 से अधिक अधिकारियों ने भाग लिया।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0