




प्रदेश के सभी 75 जिलों और 18 मंडलों में चला वृहद पौधरोपण अभियान
लखनऊ, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश ने रविवार को नया इतिहास रच दिया। 'एक पेड़ मां के नाम' थीम के अंतर्गत वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 में आज एक दिन में प्रदेशभर में 35,27,89,926 पौधरोपण हुए। यह सरकार द्वारा तय किए गए लक्ष्य 35 करोड़ से 27.89 लाख से अधिक है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।
गोरखपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधरोपण महाभियान धरती माता के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का महायज्ञ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत नौ वर्षों में प्रदेश में भौतिक विकास की रफ्तार तेज होने के साथ ही वनाच्छादन का भी विस्तार हुआ है। पौधरोपण कर मुख्यमंत्री ने सेल्फी भी ली। जनसभा के मंच से मुख्यमंत्री ने ‘उत्तर प्रदेश के नौ वर्ष की हरित गाथा’ लघु फिल्म और ‘वानिकी कैलेंडर’ का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों का जताया आभार
उत्तर प्रदेश में एक ही दिन में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जाने पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के प्रति भी आभार जताया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर लिखा कि 'माता भूमि: पुत्रोऽहं पृथिव्या:' का सनातन मंत्र आज उत्तर प्रदेश की जनशक्ति का जीवंत संकल्प बन गया है। मुख्यमंत्री ने लिखा कि 'नए उत्तर प्रदेश' ने एक ही दिन में 35 करोड़ से अधिक पौधरोपण कर प्रकृति संरक्षण के इतिहास में नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।
राज्यपाल ने जनभवन, केशव प्रसाद मौर्य ने झांसी में लगाया पौधा
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने ‘वृक्षारोपण महायज्ञ’ के तहत जनभवन में सफेद चंदन का पौधा रोपित किया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने झांसी तथा ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में पौधरोपण किया। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना शाहजहांपुर, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह जालौन, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही देवरिया, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने मुरादाबाद, वन राज्यमंत्री केपी मलिक ने बागपत में पौधरोपण किया। वहीं प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों ने भी अलग-अलग जिलों में पौधे रोपित किये।
प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम सॉफ्टवेयर पर मिला रियल टाइम अपडेट
रविवार को हुए 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' के अंतर्गत वन, रक्षा, रेलवे, ग्राम पंचायत एवं सामुदायिक भूमि, एक्सप्रेस वे, सड़क, नहर, रेल पटरी के किनारे, विकास प्रधिकरण, औद्योगिक परिसर, चिकित्सा संस्थान, शिक्षण संस्थान की भूमि, अन्य राजकीय भूमि, कृषकों की निजी भूमि, नागरिकों द्वारा निजी परिसर में बड़े स्तर पर पौधरोपण किया गया है। सबसे अहम बात यह रही कि वन विभाग ने भी टेक्नोलॉजी का भरपूर उपयोग करते हुए https://pmsupfd.org/plantingprogress.html पर पल-पल की रिपोर्ट अपडेट होती रही।
विश्व पर्यावरण दिवस पर भी लगाए गए थे 05 करोड़ से अधिक पौधे
विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत 5 करोड़ से अधिक पौधरोपण किए गए थे। विश्व पर्यावरण दिवस पर 5,01,46,441 पौधे लगाए गए थे, जबकि 12 जुलाई को 35,27,89,926 पौधरोपण हुए। इन दोनों दिन में कुल 40,29,36,367 पौधे उत्तर प्रदेश में लगाए गए।
सीएम योगी के मार्गदर्शन में यूपी में बढ़ी हरियाली : वनमंत्री
गोरखपुर में कार्यक्रम के दौरान वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के मार्गदर्शन में यूपी में हरियाली बढ़ी है। फॉरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया देहरादून की रिपोर्ट के अनुसार देश में ग्रीनरी वृद्धि के मामले में उत्तर प्रदेश प्रगति करते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। डा. अरूण सक्सेना ने कहा कि इस बार के पौधरोपण महाभियान में 30 प्रतिशत फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन