
नई दिल्ली, 12 जुलाई (हि.स.)। केंद्र सरकार 13 जुलाई को अखिल भारतीय जल संसाधन विभाग को सचिवों का सम्मेलन आयोजित करेगी। इस बैठक में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ सचिवों के साथ जल संसाधन क्षेत्र की प्राथमिक पहलों पर चर्चा होगी और प्रमुख राष्ट्रीय कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय के अनुसार इस सम्मेलन का आयोजन जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग करेगा। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल करेंगे, जबकि राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी और विभाग के सचिव वीएल कंठा राव सह-अध्यक्ष होंगे। इसमें मंत्रालय के अधीन संगठन जैसे केंद्रीय जल आयोग, राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण और राष्ट्रीय जल मिशन भी भाग लेंगे।
सम्मेलन में आठ प्रमुख मुद्दों पर विचार होगा, जिनमें कमांड एरिया विकास एवं जल प्रबंधन योजना का आधुनिकीकरण, कैच द रेन अभियान, सिंचाई और बाढ़ प्रबंधन परियोजनाओं के संशोधित मूल्यांकन दिशा‑निर्देश, बांध जलाशयों के रूल कर्व्स का क्रियान्वयन, राज्य जल सुधार ढांचा, बांध सुरक्षा अधिनियम 2021 के तहत व्यापक मूल्यांकन, सिंचाई जनगणना की प्रगति और मॉडल राज्य जल पुरस्कार का ढांचा शामिल हैं।
बैठक में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को शामिल किया जाएगा। साथ ही देश भर में जल संचय को लेकर क्रियान्वयन चुनौतियों पर चर्चा करने और जल क्षेत्र में सुधारों को गति देने के लिए समन्वित रणनीति विकसित करने पर भी चर्चा होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर