मणिपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई - 29 लाख की ब्राउन शुगर बरामद, तीन गिरफ्तार

युगवार्ता    12-Jul-2026
Total Views |
The Images Related to the Manipur Operations.


इम्फाल, 12 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए बीते 24 घंटे में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब पांच किलो ब्राउन शुगर, 29.42 लाख की संदिग्ध ड्रग्स से अर्जित राशि तथा 83,770 रुपये नकद बरामद किए हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बिष्णुपुर जिले के क्वाक्टा क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को एक ग्रे रंग की टाटा पंच (एमएन-04पी-4706) को रोककर उसकी तलाशी ली। इस दौरान वाहन सवार लिलोंग चिंगजाओ निवासी मोहम्मद अमजद खान (47) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लगभग पांच किलो ब्राउन शुगर और 83,770 नकद बरामद किए गए।

एक अन्य कार्रवाई में हरियाणा में दर्ज एनडीपीएस अधिनियम से संबंधित एक मामले के सिलसिले में चुराचांदपुर से दीपू गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 29.42 लाख नकद बरामद हुए, जिन्हें ड्रग्स कारोबार से अर्जित संदिग्ध राशि बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित चुराचांदपुर जिले में ड्रग्स तस्करों के लिए हवाला लेन-देन में शामिल था। उसे बरामद राशि के साथ हरियाणा पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

उधर, लेइमाखोंग क्षेत्र के कांटो साबल में भीड़ द्वारा उपद्रव और परित्यक्त मकानों में आग लगाने के प्रयास से जुड़े मामले में मणिपुर पुलिस, सीआरपीएफ, आरएएफ और सेना की संयुक्त टीम ने हेंगजांग गांव के प्रमुख एवं लेइमाखोंग एरिया प्रोटेक्शन कमेटी (एलएपीसी) के अध्यक्ष कम्मांग ल्हौवुम (65) तथा खुंखो कुकी गांव निवासी पागिन हैंगशिंग (30) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags