इस्पात मंत्री कुमारस्वामी दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे बर्नपुर, आईएसपी-डीएसपी परियोजनाओं की करेंगे समीक्षा

12 Jul 2026 14:56:53
सेल आइएसपी के दौरे पर पहुंचे इस्पात मंत्री


-उत्पादन क्षमता बढ़ाने, विस्तार योजनाओं और विकास कार्यों पर अधिकारियों के साथ मंथन, यूनियन प्रतिनिधियों से भी करेंगे संवाद

पश्चिम बर्दवान, 12 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय इस्पात मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी रविवार को अपने दो दिवसीय दौरे के तहत सेल के इस्को स्टील प्लांट (आईएसपी), बर्नपुर पहुंचे। उनका यह दौरा आईएसपी और दुर्गापुर स्टील प्लांट (डीएसपी) की उत्पादन क्षमता, विस्तार परियोजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री सुबह करीब 10 बजे अंडाल हवाई अड्डे पहुंचे, जहां सेल के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से बर्नपुर पहुंचे। बर्नपुर हाउस में उनका औपचारिक स्वागत किया गया और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस अवसर पर आईएसपी और डीएसपी के निदेशक प्रभारी (डीआईसी) सुरजीत मिश्रा, विभिन्न विभागों के कार्यकारी निदेशक (ईडी), मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) तथा सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने इस्पात सचिव और सेल के चेयरमैन की उपस्थिति में बर्नपुर हाउस परिसर में पौधारोपण किया। इसके बाद उन्होंने आईएसपी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर संयंत्र की वर्तमान उत्पादन स्थिति, क्षमता विस्तार, चल रही परियोजनाओं और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत दोपहर में केंद्रीय मंत्री कोक ओवन बैटरी-12 (सीओबी-12) सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान सीओबी-10 के लिए निर्मित नए जलाशय (रिजर्वायर) का उद्घाटन, 532 आवासों एवं प्रशासनिक भवनों के निर्माण के लिए भूमि पूजन तथा ब्लास्ट फर्नेस, स्टील मेल्टिंग शॉप (एसएमएस) और यूनिवर्सल स्ट्रक्चरल मिल का निरीक्षण भी प्रस्तावित है।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। साथ ही वे ऑफिसर्स एसोसिएशन और विभिन्न श्रमिक यूनियनों के प्रतिनिधियों से अलग-अलग मुलाकात कर उनकी समस्याओं, सुझावों और औद्योगिक विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

शाम करीब चार बजे केंद्रीय मंत्री बर्नपुर से रवाना होकर दुर्गापुर हाउस पहुंचेंगे। सोमवार को वे दुर्गापुर स्टील प्लांट (डीएसपी) के विभिन्न विभागों, उत्पादन इकाइयों और विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे तथा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।

केंद्रीय इस्पात मंत्री का यह दौरा सेल की विस्तार परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा, उत्पादन क्षमता बढ़ाने की रणनीति को गति देने तथा प्रबंधन और कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उद्योग जगत की नजर भी इस दौरे के संभावित निर्णयों पर टिकी हुई है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Powered By Sangraha 9.0