
वॉशिंगटन, 12 जुलाई (हि.स.)। खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने स्पष्ट किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य एक अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग है, जो अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत सभी देशों के व्यावसायिक और अन्य वैध जहाजों की आवाजाही के लिए खुला रहेगा।
सेंटकॉम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि अमेरिकी सेना इस रणनीतिक समुद्री मार्ग पर जहाजों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैनात और तैयार है। कमांड ने दोहराया कि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अमेरिका ने अपने बयान में यह भी दावा किया कि ईरान का होर्मुज जलडमरूमध्य पर कोई नियंत्रण नहीं है और इस मार्ग से अंतरराष्ट्रीय जहाजों का आवागमन लगातार जारी है। साथ ही वॉशिंगटन ने ईरान पर जहाजों को धमकाने, उन्हें परेशान करने और मनमाने प्रतिबंधात्मक ऐलान करने का आरोप लगाया।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में होर्मुज के आसपास कई जहाजों पर हमलों और बढ़ती सैन्य गतिविधियों के कारण क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। ऐसे में अमेरिका ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि वह इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय नौवहन की स्वतंत्रता बनाए रखने के लिए अपने सहयोगी देशों के साथ मिलकर आवश्यक कदम उठाता रहेगा।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय