समाज सुधारक पद्मनाभन की प्रतिमा का अनावरण कर उपराष्ट्रपति ने ‘मन्नम स्मृति मंडपम’ का उद्घाटन किया

12 Jul 2026 17:14:53
नई दिल्ली में मन्नाथु पद्मनाभन की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन।


नई दिल्ली, 12 जुलाई (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने रविवार को यहां द्वारका स्थित मन्नम अंतरराष्ट्रीय केंद्र में समाज सुधारक और स्वतंत्रता सेनानी मन्नाथु पद्मनाभन की प्रतिमा का अनावरण और ‘मन्नम स्मृति मंडपम’ का उद्घाटन किया।

उपराष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, नायर सर्विस सोसाइटी (एनएसएस) द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने इस अवसर को आधुनिक भारत के महान समाज सुधारकों और राष्ट्र निर्माताओं की विरासत का ऐतिहासिक उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि यह स्मारक केवल एक संरचना नहीं बल्कि स्थायी विरासत का संस्कार है और एक दूरदर्शी नेता को जीवंत श्रद्धांजलि है, जिनके आदर्श जाति, क्षेत्र और धर्म से परे जाकर सामाजिक न्याय, समानता और राष्ट्रीय सेवा का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

उपराष्ट्रपति ने मन्नाथु पद्मनाभन के जीवन और योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा, सामाजिक सुधार, आत्मनिर्भरता और सामुदायिक सेवा के माध्यम से समाज उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। पद्मनाभन सच्चे सामुदायिक पुनर्जागरण के नेता थे, जिनका दृष्टिकोण संकीर्ण हितों से कहीं आगे था। उनका विश्वास था कि हर व्यक्ति को समान गरिमा और अवसर मिलना चाहिए।

उपराष्ट्रपति ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की पद्मनाभन के आदर्श केरल से बाहर फैल चुके हैं। उन्होंने एनएसएस दिल्ली की सराहना की, जिसने कलारीपयट्टू, कथकली और मोहिनीयट्टम जैसी सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित रखते हुए आधुनिक शिक्षा और सामाजिक सेवा को भी बढ़ावा दिया है। एनएसएस दिल्ली आज 25 शाखाओं और लगभग 25,000 सदस्यों के साथ सशक्त संगठन बन चुका है।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मन्नम अंतरराष्ट्रीय केंद्र में पौधारोपण भी किया। यह कार्यक्रम पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी, एनएसएस दिल्ली के अध्यक्ष एमकेजी पिल्लई, महासचिव एमडी जयप्रकाश और अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0