नागपुर में आधुनिक सब्जी मंडी तथा स्पोर्ट्स क्लब का होगा निर्माण : नितिन गडकरी

12 Jul 2026 18:58:53
फोटो:नागपुर में ओवरब्रिज का लोकार्पण करते हुए केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस


मुंबई, 12 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को नागपुर में कहा कि पारडी क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों के लिए आधुनिक सब्जी मंडी तथा स्पोट्र्स क्लब का भी निर्माण किया जाएगा। इस 150 करोड़ रुपये की परियोजना में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से 40 करोड़ रुपये का योगदान दिया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर में नागपुर के वर्धमाननगर रेलवे क्रॉसिंग पर चार लेन वाले रोड ओवरब्रिज तथा राज्य में 484 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 9 महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं का लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। गडकरी ने कहा कि उन्होंने कहा कि पूर्व नागपुर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर शैक्षणिक सुविधाओं का विकास हुआ है तथा कचरे से सीएनजी उत्पादन की परियोजना भी प्रारंभ हो रही है। महारेल द्वारा अनेक आधारभूत संरचना परियोजनाएँ तेज़ी से पूरी की जा रही हैं और मेट्रो परियोजना से नागपुर की प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य के नागरिकों को सुरक्षित, आधुनिक, कार्यक्षम एवं प्रौद्योगिकी आधारित परिवहन सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा रेलवे फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से अगले तीन वर्षों में राज्यभर में 145 रेलवे ओवरब्रिजों के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी और महाराष्ट्र को रेलवे फाटक मुक्त बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि रेलवे फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं में प्रतिवर्ष लगभग 21 हजार लोगों की मृत्यु होती है। इसी कारण राज्य सरकार ने रेलवे फाटक मुक्त महाराष्ट्र बनाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। राज्य में कुल 524 रेलवे फाटक हैं। इनमें से 10 हजार से अधिक वाहन आवागमन वाले फाटकों सहित अन्य स्थानों पर कुल 145 रेलवे ओवरब्रिजों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इन सभी परियोजनाओं को अगले तीन वर्षों में महारेल द्वारा पूरा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नागपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर आधारभूत सुविधाओं का विकास होने से औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिला है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की शैक्षणिक सुविधाएँ उपलब्ध हुई हैं, जिससे रोजगार के अवसर बढ़े हैं और सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिली है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि भगवान संभवनाथ चौक से डिप्टी सिग्नल मार्ग तक के रेलवे ओवरब्रिज का नाम पूर्व महापौर बाहरीनबाई सोनबोईर के नाम पर रखा जाएगा।

कार्यक्रम में राज्य के राजस्व मंत्री एवं नागपुर के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे, वित्त राज्य मंत्री एड. आशिष जयस्वाल, विधायक कृष्णा खोपड़े, चरणसिंह ठाकुर, महापौर नीता ठाकरे, स्थायी समिति की अध्यक्ष शिवानी दाणी, महाराष्ट्र रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (महारेल) के महाप्रबंधक राजेशकुमार जयस्वाल, दयाशंकर तिवारी, नगर निगम के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Powered By Sangraha 9.0