गुजरात में एनएफएसयू सहित अमित शाह के कई कार्यक्रम स्थगित

13 Jul 2026 14:07:53
Union Home and Cooperation Minister Amit Shah


गांधीनगर, 13 जुलाई (हि.स.)। गुजरात के गांधीनगर स्थित नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी (एनएफएसयू) में सोमवार को आयोजित होने वाली इंटरपोल डिजिटल फॉरेंसिक एक्सपर्ट ग्रुप (डीएफइजी) की 11वीं बैठक के उद्घाटन समारोह सहित कई कार्यक्रम

राष्ट्रीय शोक के कारण स्थगित कर दिए गए हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी के निधन पर भारत सरकार ने 13 जुलाई को एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। इस कारण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में होने वाले कई कार्यक्रम और लोकार्पण समारोह स्थगित किए गए हैं। कार्यक्रम की नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।

इस संबंध में मीडिया प्रतिनिधियों से सोमवार को एनएफएसयू, गांधीनगर नहीं पहुंचने का अनुरोध किया गया है। कार्यक्रम के दौरान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में पांच महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण प्रस्तावित था। इनमें ‘मेक इन इंडिया’ के तहत विकसित एशिया की पहली साइबर फॉरेंसिक इन्वेस्टिगेशन वैन सहित वित्तीय अपराध जांच, मीडिया फॉरेंसिक और क्राइम सीन मैनेजमेंट से संबंधित अत्याधुनिक केंद्र शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी का 12 जुलाई को 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने वर्ष 1995 से 2013 तक कतर के अमीर के रूप में शासन किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0