
अजय देवगन अभिनीत कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर जोरदार प्रदर्शन किया है। इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी 'धमाल' फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म ने पहले ही वीकेंड में शानदार कमाई करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है। फिल्म को मिल रही अच्छी प्रतिक्रिया का असर इसकी कमाई पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार 'धमाल 4' ने रिलीज के तीसरे दिन (रविवार) 28.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिल्म ने पहले दिन 14 करोड़ रुपये और दूसरे दिन 22.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके साथ ही तीन दिनों में इसका घरेलू नेट कलेक्शन 65 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि फिल्म का वैश्विक बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 92 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। फिल्म में अजय देवगन के साथ रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी और रवि किशन प्रमुख भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
वहीं, आलिया भट्ट और शरवरी वाघ अभिनीत 'अल्फा' की रफ्तार लगातार धीमी पड़ती जा रही है। फिल्म ने रिलीज के 10वें दिन 2.25 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसका घरेलू नेट कलेक्शन 53.60 करोड़ रुपये तक पहुंच सका है। यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा इस फिल्म में बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में हैं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसे उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिल रही है।
दूसरी ओर अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल' भी अब धीमी गति से कारोबार कर रही है। फिल्म ने रिलीज के 17वें दिन 1.90 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिसके साथ इसका कुल घरेलू नेट कारोबार 129.55 करोड़ रुपये हो गया है। हालांकि फिल्म ने 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है, लेकिन फिलहाल सिनेमाघरों में 'धमाल 4' की मजबूत पकड़ के चलते अन्य फिल्मों के लिए दर्शक जुटाना चुनौतीपूर्ण होता नजर आ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे