कुवैत सिटी, 13 जुलाई (हि.स.)। कुवैत ने इराक के बसरा शहर स्थित अपने महावाणिज्य दूतावास पर लगातार हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून और राजनयिक मर्यादाओं का गंभीर उल्लंघन बताया है। कुवैत ने इराक सरकार से हमलों के दोषियों के खिलाफ तत्काल और निर्णायक कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।
कुवैत के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान में कहा कि दूतावास परिसर पर हमले 1963 के वियना कांसुलर संबंध सम्मेलन के तहत राजनयिक और वाणिज्य दूतावासों को प्राप्त सुरक्षा एवं अभेद्यता के सिद्धांत का स्पष्ट उल्लंघन हैं। सम्मेलन के अनुच्छेद-31 के अनुसार मेजबान देश की जिम्मेदारी है कि वह विदेशी वाणिज्य दूतावासों और वहां कार्यरत कर्मचारियों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करे।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इराकी सरकार द्वारा हालात नियंत्रित करने के प्रयास किए गए हैं, लेकिन अब समय आ गया है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही कुवैत के सभी राजनयिक और वाणिज्य दूतावासों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
इससे पहले अप्रैल में भी बसरा स्थित कुवैत के वाणिज्य दूतावास पर हुए हमले के बाद कुवैत ने इराक के प्रभारी राजदूत को आधिकारिक विरोध-पत्र सौंपा था। उस समय कुवैत के कार्यवाहक उप विदेश मंत्री राजदूत अज़ीज़ अल-दैहानी ने इस घटना को अंतरराष्ट्रीय समझौतों और वियना संधियों का खुला उल्लंघन बताया था तथा इराक से दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की थी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय