कतर के पूर्व अमीर शेख के निधन पर भारत में राष्ट्रीय शोक, सरकारी भवनों पर आधा झुकाया गया तिरंगा

13 Jul 2026 15:51:53
कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा के निधन पर भारत में एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक, राष्ट्रपति भवन और संसद भवन सहित सरकारी इमारतों पर झुका तिरंगा।


नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन के बाद देश में घोषित एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक की वजह से सोमवार को दिल्ली की तमाम सरकारी इमारतों पर राष्ट्र ध्वज को आधा झुका दिया गया। राष्ट्रपति भवन, संसद भवन, संविधान सदन, नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक सहित प्रमुख प्रशासनिक इमारतों पर राष्ट्र ध्वज आधा झुका कर श्रद्धांजलि दी गई।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारत कतर के पूर्व अमीर के सम्मान में एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक मना रहा है और राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका हुआ है। कृषि भवन, रेल भवन, एयर फ़ोर्स बिल्डिंग और सेवा तीर्थ कॉम्प्लेक्स जैसी अन्य सरकारी इमारतों पर भी झंडा आधा झुका कर शोक व्यक्त किया गया।

उल्लेखनीय है कि शेख हमद का निधन 12 जुलाई को 74 वर्ष की आयु में हुआ। उन्हें कतर में फादर अमीर के नाम से जाना जाता था। उन्होंने 1995 में सत्ता संभाली और 18 वर्षों तक देश का नेतृत्व किया। उनके शासनकाल में कतर ने बड़े पैमाने पर आर्थिक सुधार किए, एलएनजी क्षेत्र में भारी निवेश किया और दुनिया का प्रमुख एलएनजी निर्यातक बना। उन्होंने दोहा के वास्तुशिल्प परिदृश्य को आधुनिक रूप दिया और देश की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। साल 2013 में उन्होंने स्वेच्छा से पद छोड़कर अपने बेटे शेख तमीम बिन हमद अल-थानी को सत्ता सौंपी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0