

नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स)। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की सब्सिडियरी एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड (एसबीआईएफएमएल) ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के खुलने से पहले ही बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। कंपनी ने प्री-आईपीओ प्लेसमेंट के जरिए करीब 1,880 करोड़ जुटा लिए हैं। कंपनी ने आईपीओ के लिए मूल्य का दायरा 545-574 रुपये प्रति शेयर तय किया है।
कंपनी ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित द ताज मानसिंह होटल में प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड का आईपीओ निवेशकों के लिए मंगलवार, 14 जुलाई को खुलेगा और 16 जुलाई को बंद होगा। इसके लिए मूल्य दायरा 545-574 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड ने प्री-आईपीओ प्लेसमेंट के जरिए करीब 1,880 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। इस प्लेसमेंट में देश के कई बड़े संस्थागत निवेशकों ने हिस्सा लिया है। इस प्री-आईपीओ प्लेसमेंट के तहत एसबीआई और उसकी साझेदार अमुंडी ने अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेचा है।
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड के शेयर का फेस वैल्यू 1 रुपये है। इसमें निवेश करने के लिए खुदरा निवेशकों को कम से कम 26 शेयरों के एक लॉट के लिए आवेदन करना होगा, जिसके लिए ऊपरी प्राइस बैंड पर 14,924 रुपये का निवेश करना पड़ेगा। कंपनी के शेयर 21 जुलाई को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होने की उम्मीद है।
कंपनी का यह आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) है, जिसमें 20.37 करोड़ इक्विटी शेयर बेचे जाएंगे। इसमें कोई फ्रेश इश्यू शामिल नहीं है। इस इश्यू से जुटाई गई पूरी राशि हिस्सेदारी बेचने वाले मौजूदा शेयरधारकों को जाएगी। कंपनी को कोई नया फंड नहीं मिलेगा।
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड (एसबीआईएफएमएल) देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी है, जो मुख्य रूप से एसबीआई म्यूचुअल फंड का संचालन करती है। ये स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) और यूरोप की दिग्गज फंड मैनेजमेंट कंपनी 'अमुंडी' का एक प्रमुख जॉइंट वेंचर है। इस कंपनी को 1993 में एसबीआई म्यूचुअल फंड के लिए एसेट मैनेजमेंट का काम करने के लिए पूंजी बाजार नियामक सेबी से मंजूरी मिली है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर