यमन की सेना ने ईरानी विमान रोकने को सना एयरपोर्ट के रनवे पर किया हमला

13 Jul 2026 19:09:53
सना अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट  (फाइल फाेटाे)


सना, 13 जुलाई (हि.स.)। यमन की सेना ने सोमवार को हूती विद्रोहियों के कब्जे वाले सना अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रनवे पर ईरान के एक विमान को उतरने से रोकने के लिए हमला किया। इस हमले में यह रनवे पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हूती विद्रोहियों ने इसके कुछ देर पहले यमन के राष्ट्रीय विमान को उतरने की अनुमति नहीं दी थी।

तुर्किये की सरकारी समाचार एजेंसी अनादोलू एजेंसी और अन्य मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यमन की सरकारी समाचार एजेंसी 'सबा' ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से कहा कि हूती विद्रोहियों ने यमन के राष्ट्रीय विमान को सना एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद ईरानी विमान को यमन के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करते हुए उतरने की इजाजत दी जा रही थी। इसी कारण एयरपोर्ट के रनवे को निशाना बनाया गया।

हमले से पहले रक्षा मंत्रालय ने नागरिकों, एयरपोर्ट कर्मचारियों, राजनयिक मिशनों और मानवीय संगठनों से अपील की थी कि वे अगली सूचना तक सना एयरपोर्ट और उसके आसपास के इलाकों को तुरंत खाली कर दें।

यमन की राजधानी सना पर ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों का नियंत्रण है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार दक्षिणी शहर अदन से अपना प्रशासन संचालित करती है और उसे सऊदी अरब समेत कई खाड़ी देशों का समर्थन प्राप्त है।

हूती विद्रोहियों ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा कि इस हमले का करारा जवाब दिया जाएगा और इसके लिए जिम्मेदार पक्ष को इसकी कीमत चुकानी होगी। हालांकि हूती विद्रोहियों ने बिना कोई सबूत पेश किए इस हमले के लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0