महाराष्ट्र के पुणे में तेज रफ़्तार ट्रक ने ७ तीर्थयात्रियों को कुचला, 3 की मौत और ४ घायल

13 Jul 2026 16:41:53
फोटो: पुणे में दुर्घटना में घायलों से मुलाकात करते हुए उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार


मुंबई, 13 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे जिले में सासवड-जेजुरी रोड स्थित बेलसर टोल बूथ के पास सोमवार को सुबह एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने ७ वारकरियों (तीर्थयात्रियों) को कुचल दिया। इस घटना में 3 महिला वारकरियों की की मौत हो गई जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन सभी घायलों का इलाज जेजुरी के सरकारी अस्पताल में जारी है। इस घटना की छानबीन पुणे ग्रामीण पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुणे जिले के जेजुरी इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक ने आज सुबह वारकरियों को कुचल दिया। इस घटना में तीन महिला वारकरी की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। मरने वालों की पहचान नंदा पवार (60), माधवी राजाराम सालगारे (55) और राजश्री शंकर भोसले (55) के तौर पर हुई है, ये सभी सांगली जिले की रहने वाली थीं। इस घटना के लिए जिम्मेदार ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गहन छानबीन जारी है।

इस घटना की सूचना मिलते ही उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने घटनास्थल का दौरा किया और अस्पताल में इलाज करवा रहे वारकरियों से मुलाकात की। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि इस घटना में मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद की जाएगी। साथ ही इस घटना की उच्च स्तरीय जांच की जाएगी। जांच में दोषी पाए गए अधिकारियों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से वारकरियों की यात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी, जिससे इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Powered By Sangraha 9.0