भारत टेक्स महोत्सव वैश्विक कपड़ा क्षेत्र में भारत को और सशक्त बनाएगाः गिरिराज सिंह

14 Jul 2026 14:57:53
केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के साथ अन्य लोग मौजूद।


नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। दुनिया का सबसे बड़ा चार दिवसीय वस्त्र बाजार मेला ‘भारत टेक्स 2026’ के पहले दिन मंगलवार केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यह पहल भारत को और अधिक सशक्त बनाने तथा ग्लोबल कपड़ा क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

गिरिराज ने दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित वैश्विक वस्त्र महोत्सव ‘भारत टेक्स 2026’ के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, आज नई ऊर्जा, नए आत्मविश्वास और बड़ी उम्मीदों के साथ 'भारत टेक्स' का उद्घाटन हुआ। यह भव्य आयोजन भारत की समृद्ध टेक्सटाइल विरासत, आधुनिक नवाचार और वैश्विक भागीदारी को एक सूत्र में पिरोता है। यह देश के टेक्सटाइल उद्योग में नई गति और नई पहचान लाने की दिशा में एक अहम कदम है। यह पहल भारत को और अधिक सशक्त बनाने तथा ग्लोबल कपड़ा क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

इस महोत्सव में न्यूजीलैंड, श्रीलंका, जॉर्डन, कंबोडिया और ब्रुनेई के मंत्री-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे। 20 से अधिक देशों के 350 से अधिक वक्ता और अंतरराष्ट्रीय निर्यातक हिस्सा लेंगे। एक्सपो के दौरान भारत-अमेरिका कॉटन पार्टनरशिप और भारत-ब्रिटेन (मुक्त व्यापार समझौता) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर द्विपक्षीय चर्चा होगी। इसके अलावा कपड़ा क्षेत्र में नई तकनीक, टिकाऊ विकास और एमएसएमई के लिए 100 से अधिक नॉलेज सेशन आयोजित किए जाएंगे।

इसमें 39 पैनल चर्चाएं, 16 गोलमेज सम्मेलन, 37 मास्टरक्लास और 8 राज्यस्तरीय सत्र शामिल हैं, जिन्हें 50 से अधिक ज्ञान साझेदारों का समर्थन प्राप्त है।

इस दौरान बिजनेस प्रयास और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 'सीआईटीआई टेक्सटाइल सस्टेनेबिलिटी अवार्ड 2026' भी दिए जाएंगे। इस बार व्यापार को आसान और डेटा-ड्रिवन बनाने के लिए भारत टेक्स ने अपना मोबाइल ऐप और डिजिटल बिजनेस प्लेटफॉर्म शुरू किया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0