एफबीआई निदेशक के पाकिस्तान की प्रशंसा पर कांग्रेस ने केंद्र से जवाब मांगा, विदेश नीति पर उठाए सवाल

14 Jul 2026 17:14:53
कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश (फाइल फोटो)।


नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस ने अमेरिकी एफबीआई निदेशक काश पटेल द्वारा पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी का गर्मजोशी से स्वागत करने और पाकिस्तान की खुलकर सराहना करने पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा है। पार्टी ने कहा कि यह घटनाक्रम भारत के हितों के लिए गंभीर चिंता का विषय है और सरकार को इस पर तुरंत स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।

कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जून में इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच हुआ समझौता अब लगभग टूट चुका है, जबकि इसके विपरीत अमेरिका और पाकिस्तान के बीच रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उपराष्ट्रपति, विदेश मंत्री और सेंट्रल कमांड प्रमुख के बाद अब एफबीआई निदेशक काश पटेल भी पाकिस्तान की तारीफ कर चुके हैं।

रमेश ने कहा कि पाकिस्तान को पश्चिम एशिया और वैश्विक स्तर पर मिल रही नई प्रभावशाली स्थिति भारत के लिए बड़ा झटका है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार इस स्थिति से अनजान है या उसकी विदेश नीति की दिशा और प्रभावशीलता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि एफबीआई निदेशक काश पटेल ने सोमवार को पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी से मुलाकात की थी। यह बैठक एफबीआई मुख्यालय में हुई, जहां पटेल ने पाकिस्तान के योगदान की सराहना की। दोनों पक्षों ने आतंकवाद के वित्तपोषण पर अंकुश लगाने, साइबर जांच को मजबूत करने और घरेलू व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0