भारत-स्पेन ने आपूर्ति श्रृंखलाओं और औद्योगिक साझेदारी को मजबूत बनाने के लिए सहयोग पर की चर्चा

14 Jul 2026 15:02:53
स्पेन के उद्योग और पर्यटन मंत्री जॉर्डी हेरेउ से मुलाकात करते पीयूष गोयल


भारत और स्पेन सहयोग को मजबूत करने के नए अवसरों पर चर्चा करते पीयूष गोयल


- गोयल ने विनिर्माण और नवाचार साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए स्पेन के उद्योग मंत्री से की बातचीत

नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने स्पेन के उद्योग और पर्यटन मंत्री जॉर्डी हेरेउ से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने व्यापार, निवेश, विनिर्माण, नवाचार, पर्यटन और भविष्य के लिए तैयार अन्य क्षेत्रों में भारत और स्पेन सहयोग को मजबूत करने के नए अवसरों पर चर्चा की।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने 13 जुलाई को स्पेन के आधिकारिक दौरे पर गए हैं। इस यात्रा के दौरान उन्होंने भारत और स्पेन आर्थिक साझेदारी को गहरा करने और व्यापार, निवेश, नवाचार एवं उद्योग में सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से कई उच्च स्तरीय बैठकों में भाग लिया।

गोयल की यह यात्रा द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते तलाशने के लिए है। उनकी यह यात्रा इसलिए भी विशेष महत्व रखती है, क्योंकि दोनों देश राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं। भारत और स्पेन द्विभाषी संस्कृति, पर्यटन एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता वर्ष 2026 का भी आयोजन कर रहे हैं।

इससे पहले वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने स्पेन सरकार के वरिष्ठ सदस्यों के साथ उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठकों के साथ-साथ व्यापारिक प्रमुखों तथा निवेश प्रोत्साहन एजेंसियों के साथ बातचीत की और भारत-स्पेन व्यापार मंच को संबोधित किया। इस दौरान आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने, अधिक औद्योगिक साझेदारी को सुविधाजनक बनाने और वैश्विक निवेशकों के लिए भारत के बढ़ते अवसरों को प्रदर्शित करने के लिए उन्होंने भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के साथ चर्चा किया।

गोयल ने स्पेन सरकार के प्रथम उपराष्ट्रपति और अर्थव्यवस्था, व्यापार एवं व्यवसाय मंत्री कार्लोस कुएर्पो कैबालेरो के साथ द्विपक्षीय बैठक की। साथ ही दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश संबंधों को सुदृढ़ करने, व्यावसायिक सहयोग को बढ़ाने, नवाचार-आधारित विकास को बढ़ावा देने और आर्थिक सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान करने के तरीकों पर चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने स्पेन के उद्योग और पर्यटन मंत्री महामहिम जोर्डी हेरेउ बोहर से भी भेंट की।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अपने पांच दिवसीय आधिकारिक यूरोप दौरे (स्पेन, बेल्जियम और फिनलैंड) की शुरुआत स्पेन की उच्च स्तरीय बैठकों के साथ की। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी सहयोग को बढ़ावा देकर भारत-स्पेन आर्थिक साझेदारी को मजबूत करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0