सुंदरपदा बम विस्फोट मामलाः भुवनेश्वर में तीन ठिकानों पर एनआईए का छापा

14 Jul 2026 18:49:55
एनआईए


नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने ओडिशा के सुंदरपदा बम विस्फोट मामले की जांच के तहत मंगलवार को भुवनेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में तीन स्थानों पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान कई डिजिटल उपकरण और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

एनआईए ने बताया कि तलाशी अभियान उन जानकारियों और साक्ष्यों के आधार पर चलाया गया जो मामले में पहले गिरफ्तार एक आरोपी से प्राप्त हुए थे। जांच एजेंसी ने अन्य तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद इन ठिकानों की पहचान की थी।

मामला 27 जनवरी 2026 को भुवनेश्वर के सुंदरपदा स्थित आजाद नगर कॉलोनी में हुए विस्फोट से जुड़ा है। चार मंजिला इमारत की छत पर चार लोग कथित रूप से बम तैयार कर रहे थे, तभी अचानक विस्फोट हो गया। इस घटना में चारों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

एनआईए के अनुसार मंगलवार की तलाशी का उद्देश्य बम बनाने में इस्तेमाल किए गए विस्फोटक पदार्थों और अन्य सामग्री के स्रोत का पता लगाना तथा उनके संभावित इस्तेमाल की जांच करना था। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि इन सामग्रियों की खरीद के लिए धन कहां से आया था।

यह मामला पहले भुवनेश्वर के एयरफील्ड थाने में दर्ज किया गया था। बाद में अप्रैल 2026 में इसकी जांच एनआईए को सौंप दी गई। एजेंसी मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0