केन्द्रीय मंत्रियों ने चतुर्थ सरसंघचालक रज्जू भैया की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

14 Jul 2026 11:15:53
आरएसएस के चौथे सरसंघचालक रज्जू भैया (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्गमंत्री नितिन गडकरी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के चौथे सरसंघचालक रज्जू भैया की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

नितिन गडकरी ने एक्स पर लिखा, '' राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चतुर्थ सरसंघचालक रज्जू भैया जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र अभिवादन!'' राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रो. राजेंद्र सिंह जी उपाख्य 'रज्जू भैया' भौतिकी के विद्वान, कुशल शिक्षाविद् और असाधारण संगठनकर्ता थे। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र, समाज और संगठन के लिए समर्पित था। उन्होंने अपने जीवन में सादगी, राष्ट्रवाद और सेवा के आदर्शों को आत्मसात किया था। वे स्वदेशी, ग्रामोदय और आत्मनिर्भर भारत के प्रबल समर्थक थे। राष्ट्र-निर्माण में उनका योगदान और उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याणमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राष्ट्र एवं समाज की सेवा के लिए रज्जू भैया ने संपूर्ण जीवन एक तपस्वी की भांति व्यतीत किया और असंख्य स्वयंसेवकों को इस महान कार्य के लिए तैयार किया। रज्जू भैया ने सेवा की जो पवित्र ज्योति जन-जन के हृदय में प्रज्ज्वलित की है, वह हम सबको सदैव देश एवं समाज की उन्नति के लिए प्रेरित करती रहेगी।

केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटनमंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि संघ की सेवा में आजीवन समर्पित, कर्मठता और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक चिह्न रज्जू भैया प्रत्येक संघकर्मी के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। विधि, न्याय एवं संसदीय कार्य मामलों के (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चतुर्थ सरसंघचालक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, शिक्षाविद् एवं माँ भारती के अनन्य उपासक प्रो. राजेन्द्र सिंह 'रज्जू भैया' की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिशः नमन!

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0